संवाद न्यूज एजेंसी
अलेवा। सीएम फ्लाइंग की टीम ने सोमवार को गुप्त सूचना के आधार पर डाहौला-बधाना लिंक मार्ग की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान टीम ने सड़क निर्माण में लगी सामग्री के नमूने लिए।
इस दौरान सीएम फ्लाइंग के उप निरीक्षक सतपाल के नेतृत्व में मार्केटिंग बोर्ड जींद के एसडीओ रविप्रकाश भी साथ थे। सीएम फ्लाइंग की टीम के आने की भनक लगते ही ठेकेदार तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने कुछ माह पूर्व ठेकेदार के माध्यम से देवी माता मंदिर के समीप से डाहौला-बधाना लिंक मार्ग का निर्माण करवाया था। सड़क निर्माण के दौरान घटिया निर्माण सामग्री लगाने की सूचना सीएम फ्लाइंग के पास पहुंची थी। सूचना में बताया गया था कि अगर डाहौला-बधाना लिंक मार्ग पर लगाए गए सामान के सैंपल लिए जाएं तो घोटाले का बड़ा मामला सामने आ सकता है। गुप्त सूचना के आधार पर सीएम फ्लाइंग की टीम ने मार्केटिंग बोर्ड जींद के एसडीओ को साथ लेकर सड़क निर्माण में प्रयोग किए गए सामान के सैंपल लिए हैं। सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग टीम के उप निरीक्षक सतपाल ने बताया कि टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों को साथ लेकर डाहौला-बधाना लिंक मार्ग पर लगाए सामान के सैंपल लिए हैं। सैंपलों को गुणवता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।