हरियाणा के जींद में पिछले पांच दिन से इंटरनेट सेवा बंद है। इंटरनेट सेवा को बहाल करने की मांग को लेकर मंगलवार को किसानों ने खटकड़ टोल पर जाम लगा दिया। जाम लगने की सूचना मिलते ही उचाना थाना प्रभारी रविंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और जाम लगा रहे किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जाम नहीं खोला।
किसानों ने कहा कि उन्होंने सरकार को पहले ही अल्टीमेटम दिया था कि सोमवार तक अगर इंटरनेट नहीं चला तो वह मंगलवार को हाईवे को जाम करेंगे। किसानों द्वारा लगाए गए जाम को खुलवाने के लिए उचाना थाना प्रभारी तथा तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे, लेकिन किसानों ने इंटरनेट सेवा शुरू करवाने की अपनी जिद जारी रखी।
उन्होंने कहा कि इंटरनेट नहीं चलने के कारण बच्चों की पढ़ाई के साथ ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही है। जब जिले में किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है तो सरकार इंटरनेट सेवा को बंद करके अफरातफरी के हालात क्यों बना रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सरकार इंटरनेट सेवा शुरू नहीं करती तब तक जाम को खोला नहीं जाएगा। हालांकि प्रशासन लगातार ग्रामीणों से बातचीत करके जाम को खोलने के प्रयास में लगा हुआ है।