संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। नवदीप स्टेडियम में हॉकी इंडिया की ओर से आयोजित राष्ट्रीयस्तरीय अस्मिता सब-जूनियर वूमन हॉकी लीग 2025-26 के वीरवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले मुकाबले में हरियाणा और हिमाचल की टीमें आमने-सामने रहीं। हरियाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल को 5–0 के बड़े अंतर से पराजित किया।
दोपहर बाद खेले गए दूसरे मुकाबले में उत्तराखंड और दिल्ली की टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। उत्तराखंड ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और दिल्ली की टीम को 7–1 से हरा दिया। अब शनिवार को हरियाणा और पंजाब के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। 27 दिसंबर को हिमाचल और उत्तराखंड की टीमें आमने-सामने होंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंशुल धतरवाल ने किया। स्टेडियम पहुंचने पर क्लब प्रधान भारत भूषण गुप्ता, स्टेडियम इंचार्ज संदीप गोयत सहित क्लब सदस्यों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस दौरान उन्होंने स्टेडियम में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को हॉकी किट उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। इस अवसर पर पीटीआई रोहतास, संदीप गोयत, मंजीत गोयत, अनिल मोर, अनिल रणदीप सिंह, रविंद्र श्योकंद, प्रवीण नैन मौजूद रहे।