हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। दूसरी सूची में कुल 21 नाम दिए गए हैं। इनमें एक नाम जुलाना सीट से भी है, जहां से कांग्रेस न विनेश फोगाट को मैदान में उतारा है।
जुलाना विधानसभा सीट पर विनेश फोगाट के सामने भाजपा ने भी युवा चेहरे को मैदान में उतारा है। भाजपा ने जुलाना से कैप्टन योगेश बैरागी को टिकट दिया है। योगेश की उम्र 35 साल है। वह स्नातक तक की पढ़ाई कर चुके हैं।
विज्ञापन
उनका राजनीतिक सफर डेढ़ साल पहले शुरू हुआ, जब वह एयर इंडिया में सीनियर कैप्टन की नौकरी छोड़कर राजनीति में कूद गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आदर्श मानने वाले कैप्टन योगेश कुमार धरातल पर काम करना चाहते थे। उसी समय भाजपा में शामिल हो गए।
इनके पिता नरेंद्र कुमार बैरागी बैरागी सभा हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। कैप्टन योगेश मूल रुप से सफीदों विधानसभा क्षेत्र के पाजू कलां गांव के रहने वाले हैं। वह इस समय भाजपा युवा मोर्चा हरियाणा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं।
विज्ञापन
टिकट मिलने का कारण
कैप्टन होने के कारण योगेश कुमार की भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में काफी पकड़ मजबूत थी। वह सफीदों विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे थे, लेकिन यहां से रामकुमार गौतम को टिकट देना पड़ा। अब उनको साथ लगते जुलाना से मैदान में उतार दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहरलाल तथा वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सैनी के काफी नजदीक हैं।