चोरों द्वार तोड़ा गया सीढ़ियों पर लगा दरवाजा।
- फोटो : Jind
रेलवे रोड स्थित आभूषणों की दुकान में सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर घुसे चोरों ने आधा किलो सोना, छह किलोग्राम चांदी चोरी कर ली। चोरी की घटना का सुबह उस समय पता चला जब स्वर्णकार दुकान पर पहुंचा। चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी उखाड़ा दिया है। चोरी की जानकारी मिलने के बाद शहर थाना नरवाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। स्वर्णकार की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में स्वर्णकार पतराम नगर निवासी अशोक ने कहा कि उसने रेलवे रोड पर आभूषणों की दुकान खोली हुई है। रविवार रात को चोरो ने सीढ़ी का दरवाजा तोड़ा और अंदर घुसे फिर तिजोरी को काटकर उसमें रखा आधा किलो सोना, छह किलो चांदी चोरी कर ली।
अशोक ने बताया कि दुकान के पीछे का हिस्सा खाली है। वहीं से चोर छत पर चढ़े और फिर सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर दुकान में घुस गए, लेकिन नीचे भी गेट बंद होने के चलते दरवाजे पर लगे एग्जास्ट पंखे को उखाड़ कर वहां से रास्ता बनाया और फिर दुकान में घुसे गए। अशोक ने बताया कि चोरों ने तिजोरी को वहीं-वहीं काटा है, जहां-जहां पर उसमें सोना और चांदी रखी गई थी। तिजोरी पर दूसरी जगह कोई कट नहीं था। इससे साफ जाहिर है कि चोरों को दुकान में रखे सोना और चांदी के बारे में जानकारी थी। पहचान न हो इसलिए चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया है।
शहर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिलने के बाद वे मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक एक्सपर्ट टीम को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। स्वर्णकार की शिकायत पर आधा किलो सोना और छह किलोग्राम चांदी चोरी करने का मामला दर्ज कर लिया गया है।