24जेएनडी04: गुरू तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व में शामिल होने वाली संगत की बस को झंडी दिखाते विधायक?
- फोटो : Jind
जींद। श्री गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश पर्व पर पानीपत में रविवार को आयोजित भव्य कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए सिख संगत रवाना हुआ। श्रद्धालुओं से भरी बस को विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने सफीदों रोड से हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि धर्म, मातृभूमि और जनता की रक्षा के लिए गुरु तेग बहादुर ने अपना सब कुछ बलिदान कर दिया। इसी लिए उन्हें हिंद की चादर कहा जाता है।
विधायक ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक धरती पर भव्य आयोजन गुरुजनों के दिखाए रास्ते पर युवा पीढ़ी चलने के लिए एक शानदार मंच है। गुरु तेग बहादुर ने गुरु नानक देव व सभी गुरुओं के प्रकाश और दिव्यता को आगे बढ़ाते हुए गुरु परंपरा के अनुरूप ही धर्म व देश की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की और बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और गुरु तेग बहादुर ने 17वीं शताब्दी में ही धर्म की आजादी के लिए शहादत देकर प्रत्येक देशवासी के दिलोदिमाग में निडरता से आजाद जीवन जीने का बीज बो दिया था। सहनशीलता, कोमलता और सौम्यता की मिसाल के साथ साथ गुरु तेग बहादुर जी ने हमेशा यही संदेश दिया कि किसी भी इंसान को न तो डराना चाहिए और न ही डरना चाहिए। उन्होंने धर्म की खातिर अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया और ऐसा कोई संत ही कर सकता है। संसार को ऐसे बलिदानियों से प्रेरणा मिलती है, जिन्होंने जान तो दे दी, परंतु सत्य का त्याग नहीं किया। नवम पातशाह गुरु तेग बहादुर भी ऐसे ही बलिदानी थे। गर्मी को देखते हुए प्रशासन की ओर से बसों के अंदर श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था कराई गई थी।