जजपा ने कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तहत वादा पूरा करते हुए कुरुक्षेत्र में पांच एकड़ गुरु रविदास मंदिर के लिए देने का फैसला लिया है। पांच एकड़ में गुरु रविदास का भव्य मंदिर बनाया जाएगा। यह बात उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने वार्ड नंबर एक में सूरजमल ग्रोवर के निवास पर शनिवार देर रात पत्रकारों से बातचीत में कही।
75 प्रतिशत रोजगार अधिनियम पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इसको लेकर कानूनी प्रक्रिया हो चुकी है। बिल ड्रॉफ्टिंग का काम पूरा हो चुका है। एलआर के रिव्यू के लिए बिल को भेज दिया गया है। विपक्ष द्वारा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर उठाए गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा को शायद विपक्ष में बैठे-बैठे परेशानी हो रही है कि ये गठबंधन सरकार कैसे चल रही है। ये तो वे लोग हैं जिन्होंने शपथ लेने के लिए कह रहे थे कि यह सरकार 100 दिन नहीं चलेगी, लेकिन हमने शानदार 103 दिन पूरे कर लिए हैं। हमने 60 दिन में बुढ़ापा पेंशन 250 रुपये बढ़ाई, लेकिन कांग्रेस ने दस साल सत्ता में रहते हुए कोई बढ़ोतरी नहीं की। प्रदेश हित में हमारी पार्टी सांझे निर्णय लेने का काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्थायी सरकार बने इसके लिए हमने भाजपा को समर्थन दिया। निरंतर प्रदेश हित में सरकार काम कर रही है। उचाना क्षेत्र को विकास के मामले में दूसरे विधानसभा के लिए मॉडल बनाया जाएगा। यहां जो प्रमुख समस्याएं हैं उसके बारे में वे जानते हैं, क्योंकि सांसद रहते हुए हलके के प्रत्येक गांव में वह जा चुके हैं। हलके में वह 11 साल से आ रहे हैं। विकास के मामले में कोई कोर कसर हलके में नहीं रहने दी जाएगी। इस मौके पर पूर्व विधायक पिरथी नंबरदार, जोरा सिंह डूमरखा, प्रोफेसर जगदीश सिहाग, मनोज शर्मा, राजीव डूमरखां, महेंद्र गैंडा खेड़ा, नसीब घसो, राजबीर अलेवा, सत्ता पंडित, महेंद्र लोधर, वीरेंद्र कौशिक, भूरिया श्योकंद, वीरेंद संदलाना, कर्ण सिंह दरोली, दलबीर, जयभगवान, विजय श्योराण भी मौजूद रहे।