09जेएनडी05-गांव लखमीरवाला में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में भाग लेते ग्रामीण और स्वास्थ्यकर्मी।
जींद। लखमीरवाला गावं की सरपंच अमृता देवी ने घोषणा की है कि गांव में आज से जिसके भी घर बेटी का जन्म होगा, ग्राम पंचायत उस महिला और परिवार को 2100 रुपये नकद राशि देकर सम्मानित करेगी। गांव लखमीरवाला में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत जागरूकता शिविर लगाया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. रविंद्र मलिक और विशिष्ट अतिथि गांव की सरपंच अमृता देवी रहीं। डॉ. रविंद्र मलिक ने ग्रामीणों को कन्या भ्रूण हत्या को रोकने की शपथ दिलाई। यह कार्यक्रम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडेला के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह के निर्देशन में हुआ। डॉ. रविंद्र ने कहा कि बेटियां देश का भविष्य हैं। आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। बेटियां आज सेना में भी भागीदारी करके देश सेवा में अपना योगदान दे रही हैं। पहले बेटियों को घृणा की दृष्टि से देखा जाता था। मगर सरकार के कड़े कदम उठाने के बाद बेटियों के जन्म में सुधार हुआ है।
सरपंच अमृता देवी ने ग्रामीणों से कहा कि अगर अपने आस पास कोई भ्रूण हत्या करवाता है तो उसकी सूचना तुरंत स्वास्थ्य विभाग को दें। इस अवसर पर प्रमोद, सुमन, रेखा, सूरजभान, सुशीला जांगड़ा, कविता यादव, नरेंद्र, रानी, कविता, राजकली, अनिता, माया, सरोज, सुनील, पिंकी, सीमा और सुनहरी भी मौजूद रहे।