संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। सफीदों क्षेत्र के निवासी एक युवक को कनाडा भेजने के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने के मामले में करनाल के सेक्टर-13 निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
सफीदों के गांव छापर निवासी गुरजंट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि पिछले साल दोस्त के माध्यम से उसकी मुलाकात करनाल के सेक्टर-13 निवासी सुशील के साथ हुई थी। सुशील ने बताया कि वह कनाडा में टूरिस्ट वीजा लगवा कर युवाओं को विदेश भेजता है और वहीं पर उनके कागज पक्के करवा कर काम दिलवाता है। उसके दोस्त को भी उसने कनाडा टूरिस्ट वीजा पर भेजा था। सुशील की बातों में आकर गुरजंट ने खुद को कनाडा भेजने को लेकर बात की तो उसने कहा कि कनाडा के लिए 30 लाख रुपये लगेंगे। दस लाख पहले देने पड़ेंगे। इस पर गुरजंट ने बैंक एनईएफटी के माध्यम से 10 लाख रुपये सुशील को दे दिए। इसके बाद सुशील ने एक दो माह में कनाडा भेजने की बात कही। चार-पांच महीने बीतने के बाद भी जब वह कनाडा नहीं जा पाया तो उसने सुशील से पैसे मांगे तो उसने कुछ दिन का समय और मांगा। इसके बाद कनाडा के लिए बायोमेट्रिक भी करवाई, लेकिन उसके भी काफी दिन बाद तक वह कनाडा नहीं भेजा तो उसने पंचायत कर अपने पैसे मांगे। यहां सुशील ने दस लाख रुपये का चेक देते हुए उसे कुछ दिन बाद चेक लगाने के लिए कहा। जब गुरजंट ने चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। उसके बाद फिर सुशील ने एक और चेक दिया। वह भी बाउंस हो गया। इसके बाद सदर थाना पुलिस को मामले की शिकायत दी गई। इस पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने करनाल के सेक्टर-13 निवासी सुशील के खिलाफ धोखाधड़ी, इमीग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।