संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। स्वास्थ्य विभाग में जीएनएम पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 10 लाख रुपये हड़पने के आरोप में जुलाना थाना पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जुलाना थाना पुलिस को दी गई शिकायत में सफीदों थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मद खेड़ा निवासी शमशेर ने बताया है कि उसकी पत्नी पूजा ने जीएनएम का कोर्स किया है और उसने स्वास्थ्य विभाग में जीएनएम पोस्ट के लिए आवेदन किया था। इसकी परीक्षा 25 जुलाई 2021 को अंबाला में हुई थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात जुलाना निवासी आशीष से हुई। 25 अगस्त 2021 को आशीष ने उसके पास व्हाट्सएप कॉल की और कहा कि वह उसकी पत्नी पूजा को जीएनएम के पद पर नौकरी दिला देगा। इसके लिए उसने 20 लाख रुपये की मांग की। आशीष के बुलावे पर वह जुलाना पहुंच गया। आरोपी उसे एक मेडिकल स्टोर के अंदर ले गया, जहां पर मेडिकल स्टोर मालिक राजेश, उसका उसके लड़के आयुष तथा राजेश की पत्नी माया मौजूद थी। उसने अपनी पत्नी के सभी दस्तावेज आयुष को दे दिए। राजेश ने कहा कि आज झज्जर में पेपर हो जाएगा जिसके लिए पांच लाख रुपये देने होंगे। परीक्षा केंद्र पर मौजूद लड़के उसका पेपर करवा देंगे। आरोपियों ने उसकी पत्नी का पेपर भी करवा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उससे पांच लाख रुपये तथा दो खाली चेक ले लिए। 15 नवंबर 2021 को बकाया राशि पांच लाख रुपये और राजेश को उसके घर पर जाकर दे दिए। राजेश ने कहा कि यदि उसकी पत्नी की नौकरी लग गई तो उसे 20 लाख रुपये और देने होंगे और यदि नौकरी नहीं लगी तो 10 लाख वापस कर दिए जाएंगे। 26 अक्टूबर 2021 को पोस्ट की पहली लिस्ट का परिणाम जारी कर दिया गया, जिसमें उसकी पत्नी का नाम था। कागजात की जांच भी करवा ली गई। फाइनल रिजल्ट अप्रैल 2022 में आया लेकिन उसकी पत्नी का नाम फाइनल लिस्ट में नहीं था। जब उसने राजेश से संपर्क साधा तो उसने बताया कि जिन लड़कों को काम करना था, उन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब आपका काम नहीं हो सकता और राशि को जल्द वापस करने का आश्वासन दिया। काफी समय बीत जाने के बाद उसने राशि नहीं लौटाई। जब उसने राशि को देने के लिए दबाव बनाया तो आरोपियों ने उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए राशि देने से मना कर दिया। जुलाना थाना पुलिस ने शमशेर की शिकायत पर राजेश तथा उसकी पत्नी आशीष व आयुष के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।