संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। वेतन की मांग को क्लेरिकल एसोसिएशन के सदस्य वीरवार को लघु सचिवालय के बाहर दोपहर तक बैठे रहे। एसोसिएशन के सभी कर्मी डीसी से मिलने के लिए पहुंचे थे, लेकिन डीसी कार्यालय में नहीं होने के कारण उन्होंने दोपहर तक इंतजार किया, जिसके बाद वह एसडीएम से मिले। इस दौरान सभी विभागों में कामकाज बाधित रहा। जिसके चलते तहसील में लगभग 44 ही रजिस्ट्री हो पाई। तहसील कार्यालय में लोगों की सबसे ज्यादा भीड़ लगी रही।
रजिस्ट्री क्लर्क के कुर्सी पर नहीं होने की वजह से रजिस्ट्री से संबंधित कार्य प्रभावित हुए और लोग इंतजार करते रहे। एसडीएम से मिलने के बाद क्लर्क कार्यालय पहुंचे। जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। जिलेभर में विभिन्न विभागों के 600 से ज्यादा क्लर्क हड़ताल पर थे जिनका अभी वेतन नहीं बनाया गया है। मुख्यालय से निर्देश आने के बाद ही वेतन बनेगा। वहीं शिक्षकों व अन्य स्टाफ , जिनका क्लर्क हड़ताल के चलते वेतन जारी नहीं हो पाया था। संबंधित विभाग के डीडीओ द्वारा उनका वेतन निकलवाया जा रहा है। लघु सचिवालय में 80 से ज्यादा क्लर्क हैं। हड़ताल के दौरान करीब 40 क्लर्क की ट्रांसफ र कर दी गई थी। इन ट्रांसफ र के आर्डर वापस लेने की मांग को लेकर क्लर्क बुधवार को भी डीसी से मिलने पहुंचे थे। लेकिन डीसी से नहीं मिल पाए थे। काफ ी देर तक क्लर्क डीसी के आने का इंतजार करते रहे। उसके बाद एसडीएम डॉ. पंकज से मिले। क्लर्कों के अनुसार एसडीएम ने उन्हें ट्रांसफ र के बाद मिली सीट पर ज्वाइन करने के लिए कहा है। अगर कोई दिक्कत आती है, तो समाधान का आश्वासन दिया है।
बाक्स
तहसील में काम काज ज्यादा प्रभावित नहीं हुआ। सामान्य दिनों की तरह ही रजिस्ट्री हुई हैं। दिनभर में 44 रजिस्ट्री हुई। जो कार्य होने का था वह पूरा किया गया। कुछ समय के लिए क्लर्क डीसी से मिलने के लिए गए थे। जो कुछ समय बाद अपने कार्य पर लौट आए।