सफीदों। सिवानामाल गांव में शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाने से मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मृतक की पत्नी व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिवानामाल निवासी प्रवीन (33) ने मंगलवार सुबह अपने मकान में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पाकर सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। मृतक के पिता ईश्वर ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा प्रवीन गांव बहादुरपुर के राजकीय स्कूल में विज्ञान अध्यापक था। प्रवीन की शादी लगभग चार साल पहले गांव चिडी निवासी मंजूबाला से हुई थी। जिनसे दो बच्चे भी हुए। आरोप है कि मंजूबाला उसके बेटे को परेशान करती थी। अक्सर मायका पक्ष को बुलाकर उसके बेटे की बेइज्जती भी करवाती थी। हाल ही में मंजूबाला अपने मायका गई हुई थी।उसके बेटे प्रवीन ने फोन कर घर वापस आने के लिए कहा तो उसके साथ गाली गलौच की गई। जिससे परेशान होकर उसके बेटे ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सदर थाना सफीदों पुलिस ने ईश्वर की शिकायत पर मृतक की पत्नी मंजूबाला, उसके भाई संजय, संदीप, मनजीत तथा बहनोई सुनील व अजमेर के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।