आजकल उचाना अनाज मंडी में सरसों की फसल एमएसपी से अधिक भाव पर बिक रही है। कारण यह है कि इस बार सरसों का रकबा काफी कम है और मांग अधिक है। सरकारी एजेंसियां सरसों की खरीद 4650 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीद रही हैं जबकि प्राइवेट बोली पर सरसों 5500 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। किसानों को सरकारी भाव से 700-800 रुपये अधिक मिल रहे हैं। सरसों के भाव बढ़ने से मार्केट कमेटी को भी मार्केट फीस के रूप में राजस्व मिल रहा है।
मार्केट कमेटी में दर्ज आंकड़ों के अनुसार अब तक 12 हजार 404 क्विंटल सरसों की फसल मंडी में आ चुकी है। मार्केट फीस के रूप में भी 4 लाख 88 हजार 994 रुपये का राजस्व मिल चुका है। किसान बलजीत, मुकेश, राजेंद्र, बिजेंद्र ने कहा कि इस बार प्राइवेट बोली पर सरसों मंडी में आते ही बिक रही है। इस कारण न तो उन्हें मैसेज मिलने का इंतजार करना पड़ता और न ही मंडी में फसल बेचने का इंतजार करना पड़ता। मार्केट कमेटी सचिव नरेंद्र कुंडू ने कहा कि सरसों के भाव इस बार सरकारी भाव से अधिक प्राइवेट बोली पर किसानों को मिल रहे हैं।