जींद। मकान पर बैंक से लिए गए लोन की बात छिपाकर 20 लाख रुपये में दूसरे व्यक्ति को बेचकर राशि हड़पने के आरोप में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दंपती के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
खेड़ी मसानिया गांव निवासी रामफल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने हाउसिंग बोर्ड निवासी सुभाष तथा उसकी पत्नी सोमवती से 20 लाख रुपये में मकान खरीदा था। जिस समय प्लाट का सौदा हुआ, उस समय उसे बताया गया था कि मकान पर कोई लोन नहीं है। जिस पर उसने लगभग पौने 15 लाख रुपये चैक से बकाया कैश दे दिया था। 20 जुलाई 2020 को सुभाष ने उसके नाम रजिस्ट्री करवा कर कब्जा दे दिया। अब कुछ दिन पहले बैंक वाले उनके घर पर आए मकान पर वर्ष 2018 से लोन होने की बात कही। जिस पर वह सुभाष के घर गया तो उसने लोन भरने की बात कही। बावजूद इसके तीन माह बीत जाने के बाद भी उसने लोन को नहीं चुकाया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने रामफल की शिकायत पर सुभाष तथा उसकी पत्नी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।