जींद। शहर की गीता कॉलोनी के एक मकान में किन्ही कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग पूरे मकान में फैल गई। सूचना के बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
शनिवार सुबह राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के पास स्थित गीता कॉलोनी में आशु नामक एक व्यक्ति के मकान में आग लग गई। लोगों का कहना था कि मकान में रखी इन्वर्टर बैटरी की बैटरी फट गई थी, जिसके कारण आग लगी थी। जैसे ही लोगों ने मकान में से धुआं निकलते देखा तो आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन पीवीसी और प्लाई होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद लोगों ने दमकल केंद्र को इसकी सूचना दी। दमकल की गाड़ियों ने आकर आग पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया। इससे पहले आग मकान की ऊपर वाली मंजिल में पूरी तरह से भड़क चुकी थी। आग लगने से मकान में सामान जलकर राख हो गया।
गली में जगह नहीं होने के कारण देरी से पहुंची गाड़ी
गली में जगह नहीं होने के कारण दमकल की गाड़ी को घटना स्थल तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई। गाड़ी को थोड़ा दूर खड़ा करना पड़ा। इस कारण दमकल विभाग को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और आग लगातार भड़कती रही। स्थिति यह थी कि दमकल की गाड़ी एक मकान के छज्जे के नीचे फंस गई और बाद में दमकल की गाड़ी को आगे करके निकालना पड़ा।