जींद (नरवाना)। अच्छे शिक्षण संस्थान बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का आधार होते हैं। संस्थानों के संस्थापक, शिक्षा समिति सदस्य तथा कार्यरत स्टाफ को चाहिए कि संस्थान के रख-रखाव और समय के साथ विभिन्न कोर्सों को अपडेट रखें, ताकि प्रतियोगिता के इस युग में ग्रामीण क्षेत्र का बच्चा भी उच्च शिक्षा प्राप्त कर सके। यह बात उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सोमवार को एसडी पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कही।
उपमुख्यमंत्री ने सनातन धर्म शिक्षा समिति के संस्थान में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक तथा सनातन धर्म शिक्षा समिति के संयोजक जोरा सिंह डूमरखां ने उनका स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में अच्छे शिक्षण संस्थानों का निर्माण वर्तमान की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा प्रदान करने से छात्र का भविष्य उज्ज्वल होता है। लिहाजा सभी शैक्षणिक संस्थानों के संचालन समिति के सदस्यों को केवल छात्रों के सर्वांगीण विकासपरक शिक्षा उपलब्ध करवाने पर ध्यान होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसके लिए नई शिक्षा नीति के तहत सुपर-100 जैसी स्कीमों का संचालन किया जा रहा है। इसके तहत गरीब परिवारों के योग्य छात्रों का चयन कर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग दी जा रही है। इसका सारा खर्च सरकार वहन कर रही है। सुपर-100 कार्यक्रम में कोचिंग की बदौलत प्रदेश के सैकड़ों छात्र आईआईटी, एमबीबीएस में प्रवेश पाने में कामयाब हुए है। प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में 1500 डिजिटल लाइब्रेरियों का आधारभूत ढांचा खड़ा किया जा चुका है। इन लाइब्रेरियों में ग्रामीण अंचल के युवा छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का अवसर मिल रहा है। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने शैक्षणिक व खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन प्राप्त करने के लिए छात्रों एवं खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया।
प्रदेश के श्रम एवं आपदा प्रबंधन राज्य मंत्री अनूप धानक ने कहा कि सभी शिक्षण संस्थानों में सुविधाओं के विस्तार में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने हमेशा रुचि ली है। इस अवसर पर जुलाना के विधायक अमरजीत ढांडा, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के चेयरमेन राजेंद्र लितानी, पूर्व विधायक रमेश खटक, महिला प्रदेशाध्यक्ष शीला भ्यान, हलका प्रधान सुरेंद्र गोयत, महिला हलका प्रधान सीमा बदोवाल, मियां सिंह सिहाग, प्राचार्या अनिता मलिक, नरवाना के एसडीएम अनिल कुमार दून, डीएसपी गीतिका जाखड़, डीएफएससी निशांत राठी, नायब तहसीलदार सुरेंद्र भारद्वाज मौजूद थे।
12जेएनडी15: नवनिर्मित बहुउद्देशीय सभागार का उद्घाटन करते हुए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला। संवाद