जींद। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जिला के सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों में आचार संहिता का पालन करवाना सुनिश्चित करें। कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि सी-विजिल पर आने वाली सभी शिकायतों का 100 मिनट के निर्धारित समय से पहले समाधान करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा जो भी ऐपिक कार्ड भेजे जा रहे है उन्हें तुरंत पोस्ट ऑफिस के माध्यम से संबंधित मतदाताओं के घर पहुंचाया जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए चुनाव आयोग की हिदायतों का पालन करें। विधानसभा चुनाव के दौरान बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए वाहनों पर पूरी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सभी इंटरस्टेट पर ड्यूटी पर तैनात अधिकारी निरंतर वाहनों की जांच करें ताकि जिला में विधानसभा चुनाव के दौरान किसी अवैध शराब या नकदी सहित अन्य सामग्री का प्रयोग न हो पाए। लोकसभा के दौरान जिन क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत कम रहा था उन क्षेत्रों में स्वीप अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित करें।