कंडेला 31,कीचड़ के भरे नाले ओर पनपते मच्छर मक्खी02 संवाद
कंडेला। कंडेला गांव में गंदे पानी की निकासी के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से बनाए गए नाले अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। नालों में कचरा और गंदा पानी जमा होने से आसपास के क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है।
वहीं, कई स्थानों पर नाले अवरुद्ध होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है। इससे ग्रामीणों को मच्छर-मक्खियों के प्रकोप के बीच रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्रामीण धर्मबीर के अनुसार मुख्य रास्तों के साथ बने नालों में प्लास्टिक की बोतलें, रैपर और घरेलू कचरा जमा है। लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण नालों का पानी काला और बदबूदार हो गया है। धर्मबीर ने बताया कि सुबह और शाम के समय दुर्गंध इतनी अधिक होती है कि घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखने पड़ते हैं। बदबू के कारण घर में खाना खाना भी मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीण राजबीर ने बताया कि कई स्थानों पर नाले पूरी तरह जाम हो चुके हैं। निकासी बाधित होने से कीचड़ और गंदा पानी सड़क पर फैल रहा है। नालों के किनारे की मिट्टी भी कई जगह धंस रही है। जमा पानी में मच्छर पनप रहे हैं जबकि आसपास मक्खियों की भरमार है। ग्रामीणों ने डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने की आशंका जताते हुए नालों की नियमित सफाई और उचित रखरखाव की मांग की है।
पंचायत अपने स्तर पर करवा चुकी सफाई
गांव की सरपंच नीलम ने बताया कि पंचायत की ओर से कई बार लेबर लगाकर नालों की सफाई करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी पंचायत आगे भी अपने स्तर पर सफाई करवाने का प्रयास करेगी।