खुद को बैंक कर्मी बताकर संगतपुरा निवासी रणबीर सिंह के काते से दो बार में 59523 रुपये निकालने का मामला सदर थाना पुलिस ने दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में रणबीर सिंह ने बताया कि उसका गांव के ही पीएनबी में खाता है। उसने 21 अगस्त को एटीएम लिया था। इसी दौरान उसके पास किसी व्यक्ति की कॉल आई। उसने बताया कि वह बैंक का कर्मचारी बोल रहा है। उसे उसका एटीएम चालू करने के लिए एटीएम से संबंधित जानकारी मांगी तो उन्होंने उक्त व्यक्ति को बैंक का कर्मचारी समझकर सभी प्रकार की जानकारी दे दी। इसके बाद उसके खाते से 23 अगस्त को एक बार में नौ हजार तो दोबारा 50531 रुपये किसी ने निकाल लिए। इसी प्रकार रणबीर को बैंक का कर्मचारी बताने वाले युवक ने कुल 59531 रुपये की चपत लगा दी। वहीं दूसरी और रूपगढ़ निवासी प्रदीप ने उसके कैथल रोड स्थित एसबीआई के खाते से 23 अगस्त को दो बार में 16 हजार रुपये निकलवाने की शिकायत पुलिस को दी है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत मेें बताया कि उसके खाते से एक बार छह तो दूसरी बार दस हजार रुपये की राशि किसी ने धोखाधड़ी कर निकलवाई है। जबकि उसने किसी को अपने एटीएम कार्ड के बारे में कोई जानकारी नहीं दी।
इसके अलावा एग्रीकल्चर में सांख्यिकी के पद पर सिरसा में कार्यरत जींद के अर्बन इस्टेट निवासी सतबीर के खाते से छह बार मे 25899 रुपये निकलने की शिकायत पर भी पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में सतबीर ने बताया कि आठ अगस्त को उसके खाते से तीन बार पैसे निकाले गए इसमें 4000, 3999 व पांच हजार तो 15 अगस्त को एक बार में पांच हजार व 25 अगस्त को दो बार में नौ हजार रुपये निकाले गए। उसको पैसे कटने की जानकारी 26 अगस्त को मोबाइल पर संदेश के माध्यम से मिली। वहीं बैंक खाते से धोखाधड़ी कर 45099 रुपये गायब करने की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने विवेकांनद निवासी विपिन की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में विवेकानंद नगर निवासी विपिन गर्ग ने बताया कि उसका पंजाब नैशनल बैंक में खाता है। उसके खाते से किसी ने धोखाधड़ी कर 10 अगस्त को 45099 रुपये निकाल लिए हैं। खाते से पैसे कटने की सूचना मोबाइल नंबर पर आए संदेश से मिली। पुलिस ने विपिन गर्ग की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने धोखाधड़ी के शिकार हुए सभी लोगों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।