लूटपाट के आरोप में नरवाना सीआईए पुलिस द्वारा पकड़े गए सात आरोपी लोगों को पैसे ज्यादा देने का लालच देकर अपने चंगुल में फंसाते थे। आरोपियों और अन्य लोगों के बीच कैथल जिले के गांव आगोंद निवासी प्रवीण मध्यस्थता करता था। यह अपने जाल में किसी नौकरी पेशा व्यक्ति को फंसता था तथा आरोपियों से बातचीत करवाता था। आरोपी उस व्यक्ति को चार लाख रुपये 500-500 के नोटों में देने की बात कहते थे और बदले में सात लाख रुपये 100-100 की गड्डी देते थे। लाखों रुपये के लालच में कोई भी व्यक्ति आसानी से फंस जाता था। बाद में उसको जिस स्थान पर बुलाया था वहां पर आरोपी पुलिस की वर्दी में पहुंचकर उससे लूटपाट करके फरार हो जाते थे।
प्रवीण ने इस बार पंजाब के मुकसर साहिब निवासी एक व्यक्ति को फंसाने के लिए जाल बिछाया। उसने मुकसर साहिब निवासी व्यक्ति को चार लाख रुपये 500-500 रुपये के नोटों के रूप देने को कहा तथा बदले में उसे सात लाख रुपये 100-100 की गड्डी के रूप में देने का लालच दिया। प्रवीण ने कहा कि उनके पास पैसे ज्यादा हैं इसलिए वह इनको बड़े नोटों में बदल रहे हैं। मुकसर साहिब निवासी व्यक्ति ने अपने साथ कैथल जिले के एक गांव से रिश्तेदार को साथ लिया और रात को आठ बजे सेंथली की तरफ से कार में दनौदा कलां के पास पहुंच गया। कुछ ही देर में आरोपी दूसरी कार में बैठकर आए और उनसे बातचीत करने लगे। इसके बाद एक अन्य कार में आरोपी लाल-नीली बत्ती तथा पुलिस की वर्दी में पहुंच गए और चार लाख रुपये छीनने का प्रयास किया। इसी समय पुलिस ने दबिश देकर सभी को काबू कर लिया। मुकसर साहिब निवासी व्यक्ति नौकरी करता है। इसी प्रकार सभी सातों आरोपियों ने अनेक लोगों से लूटपाट की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को रिमांड पर लिया है ताकि उनसे अन्य वारदात के बारे में पता किया जा सके। पुलिस ने रामसिंह, वीरेंद्र उर्फ बलविंद्र, अजय, अशोक, प्रवीण, सत्यवान व अशोक को काबू किया है।
पठानकोट से व्यक्ति बुलाकर लूटे थे दो लाख रुपये
जांच अधिकारी एएसआई अवतार सिंह ने बताया कि फिलहाल पूछताछ में आरोपियों ने कुछ दिन पहले जींद के उझाना के पास इसी प्रकार की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार किया है। प्रवीण ने पंजाब के पठानकोट से एक व्यक्ति को दो लाख रुपये लेकर बुलाया था। उसे चार लाख रुपये देने का लालच दिया था। आरोपी उससे दो लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। आरोपियों से इस प्रकार की काफी वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी।