संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जयपुर से चंडीगढ़ के लिए सफर करने वाले रेलयात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 19411-12 गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस अब एलएचबी कोच के साथ दौड़ती नजर आएगी। यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और सफर भी आरामदायक होगा। रेलवे ने गांधी नगर कैपिटल एक्सप्रेस में आधुनिक तकनीक वाले एलएचबी कोच लगाने की तैयारी पूरी कर ली है।
एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) तकनीक से तैयार ये कोच जर्मन डिजाइन पर आधारित माने जाते हैं। ये न सिर्फ हल्के होते हैं बल्कि दुर्घटना सुरक्षा के लिहाज से बेहद प्रभावी तकनीक से बनाए गए हैं। पुराने आईसीएफ कोचों की तुलना में इन कोचों में झटकों की समस्या काफी कम रहती है व टकराव की स्थिति में इनके एक-दूसरे पर चढ़ने का खतरा समाप्त हो जाता है।
गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस में एलएचबी कोच के एक सेकंड एसी, चार थर्ड एसी, चार द्वितीय शयनयान, चार साधारण श्रेणी, एक पावरकार और एक गार्ड श्रेणी डिब्बों सहित कुल 15 डिब्बे लगाने की योजना है। एलएचबी कोच की यह विशेषता है कि किसी कारणवश दुर्घटना होने पर ट्रेनों के डिब्बे एक-दूसरे पर नहीं चढ़ेंगे।
एलएचबी कोच लगने के बाद यात्रियों को बेहतरीन सस्पेंशन सिस्टम का लाभ मिलेगा जिससे लंबी दूरी की यात्रा भी आरामदायक महसूस होगी। कोचों में बेहतर लाइटिंग, वेंटिलेशन, सीट क्वालिटी और अच्छी बाथरूम व्यवस्था होगी। साथ ही ट्रेन को अधिकतम गति में चलाने की क्षमता बढ़ने से समय पालन में भी सुधार होगा।
19411-12 गांधीनगर कैपिटल एक्सप्रेस के एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। नए साल में यह गाड़ी एलएचबी कोच के साथ दौड़ती नजर आएगी। इससे यात्रियों को सफर आरामदायक होगा।
-अजय माइकल, प्रवक्ता, डीआरएम रेलवे नई दिल्ली