हरियाणा शिक्षा बोर्ड द्वारा एसडी स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर बृहस्पतिवार को निजी स्कूल संचालकों ने सुपरवाइजर पर छात्रों से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।
निजी स्कूल संचालकों ने परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर पर पिछले चार पेपरों में नकल के नाम पर छात्रों के कपड़े उतरवाकर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। निजी स्कूल संचालकों के हंगामा की सूचना पाकर जिला शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र हुड्डा मौके पर पहुंच गए और निजी स्कूल संचालकों से बातचीत करके मामले को शांत किया। स्कूल संचालकों ने परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर को बदलने की मांग की।
गांव अहिरका में स्थित आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल का दसवीं कक्षा के छात्रों का परीक्षा केंद्र एसडी स्कूल में बनाया गया है। बृहस्पतिवार को साइंस विषय का पेपर था और परीक्षा शुरू होने से पहले परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर राजेश ने छात्रों की तलाशी लेनी शुरू कर दी आरोप है कि उन्होंने छात्रों के कपड़े भी उतरवाए।
इसकी सूचना पाकर आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संचालक वजीर सिंह ढांडा अन्य निजी स्कूल संचालकों के साथ परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। जहां पर सुपरवाइजर पर परीक्षार्थियों के कपड़े उतरवाने का आरोप लगाकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
वजीर सिंह ढांडा ने आरोप लगाया कि सुपरवाइजर कृष्ण कुमार ने पहले हुए पेपरों में भी नकल की जांच के नाम पर परीक्षार्थियों के कपड़े उतरवाए हैं। जिसके बारे में परीक्षार्थियों तथा उनके अभिभावकों ने उन्हें बताई थी। इसकी शिकायत शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी थी, लेकिन सुपरवाइजर राजेश के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को भी साइंस की परीक्षा के दौरान सुपरवाइजर ने तलाशी के नाम पर छात्रों के कपड़े उतरवाने शुरू कर दिया और परीक्षार्थियों से अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। सुपरवाइजर के इस व्यवहार से स्कूल संचालकों में गुस्सा फूट पड़ा और परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया।
इसकी सूचना पाकर जिला शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र हुड्डा तथा बोर्ड के लोग मौके पर पहुंच गए। जहां पर निजी स्कूल संचालकों ने परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर को बदलने की मांग की। जिला शिक्षा अधिकारी ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। जबकि परीक्षा केंद्र के सुपरवाइजर राजेश ने उन पर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।
जिला शिक्षा अधिकारी जोगेंद्र हुड्डा ने कहा कि निजी स्कूल संचालकों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जाएगी। जांच में जो सामने आएगा उसी पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।