जींद। फाइनेंसरों से लिए गए रुपये वापस नहीं कर पाने पर परेशान करने के कारण हेयर सैलून संचालक ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। सैलून संचालक ने मरने से पहले एक वीडियो भी बनाया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आत्महत्या की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसे एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। सिविल लाइन थाना पुलिस ने एक बैंक कर्मचारी समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में चाबरी कॉलोनी निवासी सोनिया ने बताया कि उनके पति पवन शिव कॉलोनी में हेयर सैलून चलाते थे। रविवार शाम को उसने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे शहर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मरने से पहले परिजनों ने उसका बयान भी मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। इसमें फाइनेंसरों के नाम लेकर उसे प्रताड़ित करने की बात कही गई है।
सुसाइड नोट में फाइनेंसर गांव सिवाहा निवासी मनजीत, अर्बन एस्टेट निवासी अशोक नैन, सब्जी मंडी निवासी सचिन, रानी तालाब के निकट रहने वाला गांव मेहरड़ा निवासी सचिन, इंडस बैंक कर्मी शुभम मोर को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है। इसमें बताया गया है कि उसने बैंककर्मी शुभम मोर को बैंक से तीन लाख रुपये का लोन लेने के लिए 56770 रुपये एडवांस में दिए थे, मगर उसका लोन नहीं हुआ। उसने ढाई साल पहले फाइनेंसर से रुपये लिए थे। मूल राशि का भुगतान कर दिया था, लेकिन ब्याज नहीं दे पाया था। सोनिया ने बताया कि इसके चलते आरोपी उसके पति को परेशान करते थे। आरोपियों से परेशान होकर उनके पति ने आत्महत्या की है।
सुसाइड नोट और सोनिया की शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -विनोद कुमार, थाना प्रभारी, सिविल लाइन।
07जेएनडी16: पवन। फाइल फोटो