सीआरएसयू में आयोजित कार्यशाला के दौरान काउंटिंग टीमों को जानकारी देते एसडीएम मनीष कुमार फोगाट।
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी अनिल कुमार दून, दलजीत सिंह की मौजूदगी में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें काउंटिंग टीमों को दूसरे चरण का प्रशिक्षण दिया गया। सफीदों के एसडीएम मनीष कुमार फोगाट ने काउंटिंग टीमों को जरूरी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में मतों की गणना करना भी गर्व की बात है। वोटों की गिनती का कार्य पूरी सजगता व सावधानी से करें। वोटों की गिनती में अलग-अलग टीमों के अलावा माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात रहेंगे। फोगाट ने कहा कि मतगणना का कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए वीडियोग्राफी करवाई जाएगी। दूसरे रेंडमाइजेशन के तहत सोमवार को मतगणना कर्मियों को विधानसभा क्षेत्र अलॉट हो चुके हैं, लेकिन अंतिम रेंडमाइजेशन सोमवार को देर रात या मतगणना वाले दिन सुबह 5 बजे होगी। इसके बाद ही उनको पता चलेगा कौन सी टेबल पर बैठकर वोटों की गिनती करनी है। उन्होंने कहा कि सभी मतगणना कर्मी अपना पहचान पत्र साथ लेकर जरूर जाएं। बिना पहचान पत्र के अंदर जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिस कर्मी को ईवीएम से मतों की गणना की जानकारी नहीं है तो अभी से अच्छी तरह समझ लें। तकनीकी तौर पर प्रशिक्षित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मतगणना कार्य पूरी तरह से शांत होकर करना है। मतगणना कार्य दक्ष एवं निपुण कर्मियों को ही सौंपा गया है। वोटों की गणना करना अपने आप में एक गर्व की बात है। मतगणना कार्य सावधानी से करें। किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही न बरतें। मतगणना केंद्र में ईवीएम मास्टर ट्रेनर भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने निर्देश दिए कि मतगणना कर्मी सहित कोई भी व्यक्ति अपने साथ मोबाइल या अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस लेकर नहीं जा सकते हैं। इस दौरान सभी विधानसभा क्षेत्र के मतगणना कर्मी मौजूद रहें। : प्रशासन