अनाज मंडी के आढ़तियों से धान खरीदकर राइस मिल संचालकों द्वारा सात करोड़ रुपये की राशि हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर पांच राइस मिल के मालिक सहित पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। जुलाना अनाज मंडी के आढ़ती इंद्रजीत-सुनील कुमार फर्म के मालिक इंद्रजीत सिंह ने जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत बताया कि वर्ष 2015 में जुलाना अनाज मंडी के आढ़तियों के संपर्क में करनाल निवासी नरेश, उसका भाई सुरेश कुमार आए। जहां पर उन्होंने बताया कि उन्होंने करनाल में रामदेव इंटरनेशल लिमिटेड के नाम से राइस मिल है और वह उनके मार्फत धान की खरीद करना चाहते हैं। इस दौरान दोनों भाइयों ने करनाल निवासी गिरिराज, अनाज मंडी जुलाना निवासी आनंद, विजय के माध्यम से अनाज मंडी की तीन आढ़तियों से लगभग सात करोड़ रुपये के धान की खरीद कर ली। आरोपियों ने धान की पेमेंट को बाद में करने की बात कही। इस पर आढ़ती उसके झांसे में आ गए, लेकिन बाद में आरोपियों ने पैसे लौटाने से मना कर दिया। राइस मिल मालिकों द्वारा पैसे नहीं लौटाने के बाद लगभग एक माह पहले आढ़ती एसएसपी से मिले थे और पूरे मामले के बारे में अवगत करवाया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर करनाल निवासी कंपनी मालिक करनाल निवासी नरेश कुमार व सुरेश कुमार, मेसर्स देवी सहाय रुलीराम अनाज मंडी जुलाना के मालिक गिरिराज, जुलाना निवासी आनंद, अजय के खिलाफ के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जुलाना मंडी के आढ़तियों से करोड़ों रुपये के धान खरीदकर मिल मालिकों द्वारा रुपये नहीं देने का मामला है। इस मामले में कुछ आढ़ती पर शामिल हैं। इस सिलसिले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- रामनिवास, जुलाना थाना प्रभारी।