जींद बस स्टैंड पर बस का इंतजार करते यात्री।
- फोटो : Jind
पंजाब और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रोडवेज बस के किराये में प्रति किलोमीटर इजाफा किया गया है। इसका असर जींद जिले के यात्रियों पर भी पड़ेगा। जींद से पंजाब और उत्तर प्रदेश में जाने वाले यात्रियों को पहले की बजाय ज्यादा किराया देना होगा। पंजाब सरकार ने एक साल में तीसरी बार किराया बढ़ाया है। अब दो पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। पहले प्रति किलोमीटर किराया एक रुपये 10 पैसे किराया था, जिसे बढ़ाकर एक रुपये 14 पैसे कर दिया गया था। अब किराये को बढ़ाकर एक रुपये 16 पैसे कर दिया गया है।
वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने भी 10 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से किराये में बढ़ोतरी की है। जैसे ही हरियाणा की बसें पंजाब व उत्तर प्रदेश क्षेत्र में प्रवेश करेंगे तो यात्रियों से प्रति किलोमीटर बढ़ी हुई दरों से किराया लिया जाएगा। इसके चलते अब यात्रियों को पंजाब और उत्तर प्रदेश में जाने के लिए जेब ढीली करनी होगी। जींद से पटियाला जाने वाले लोगों को पहले 50 रुपये किराये के रूप में देने पड़ते थे, लेकिन अब 50 के बजाय 55 रुपये यात्रियों को किराया देना होगा। वहीं पटियाला होते हुए चंडीगढ़ जाने के लिए भी 175 रुपये की जगह 185 रुपये देने पड़ेंगे।
जींद से एक हजार यात्री करते हैं पंजाब और उत्तरप्रदेश का सफर
जींद से पंजाब और उत्तर प्रदेश प्रतिदिन एक हजार के लगभग यात्री सफर करते हैं। प्रदेश में किराये में बढ़ोतरी नहीं की गई है। हरियाणा क्षेत्र में सफर करने वाले यात्रियों को पहले वाला ही किराया वसूला जाएगा। यह किराया केवल पंजाब व उत्तरप्रदेश क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करने के बाद ही यात्रियों से वसूला जाएगा। ऐसे में यात्रियों को पहले की अपेक्षा लगभग पांच रुपये ज्यादा किराया देना होगा।
पंजाब व उत्तर प्रदेश में बढ़ा किराया
पंजाब व उत्तर प्रदेश रूट पर संचालन करने वाले परिचालकों को निर्देश जारी किए हैं कि वह अपनी बसों में पंजाब व उत्तरप्रदेश में जाने पर यात्रियों से बढ़ा हुआ किराया लेना सुनिश्चित करें, क्योंकि पंजाब व उत्तरप्रदेश रोडवेज ने हाल ही में किराये में बढ़ोतरी की है। इससे पहले पंजाब रोडवेज 114 पैसे के हिसाब से किराया लेता था, जो अब 116 पैसे प्रति किलोमीटर बढ़ा दिया है। वहीं उत्तर प्रदेश में भी 10 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से बढ़ोतरी की गई है।
बिजेंद्र सिंह, रोडवेज जीएम जींद डिपो।