संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के गांव लुदाना निवासी रोहताश को अपने दोस्त पर विश्वास करना महंगा पड़ गया। रोहताश ने उचाना में खरीदी गई जमीन की रजिस्ट्री करवाने को कहा तो दोस्त ने जालसाजी करते हुए जमीन को ही बेच दिया। उचाना थाना पुलिस ने दोस्त सहित छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रोहताश ने एफआईआर में बताया कि उसका प्रदीप के साथ करीब 20 साल से पैसों का लेनदेन और मिलना-जुलना था। उसने उचाना में जय भगवान से चार एकड़ जमीन खरीदी थी और उसका भुगतान भी कर दिया था। रोहताश ने प्रदीप से कहा कि वह जय भगवान से मिलकर जमीन की रजिस्ट्री करवा दे। रोहताश ने प्रदीप को जय भगवान से मिलवा भी दिया था।
इंसेट
धोखाधड़ी का तरीका
प्रदीप ने अशोक के साथ मिलकर जय भगवान के अनपढ़ होने का फायदा उठाया। उन्होंने संडील के दिलबाग से मिलकर ढाई एकड़ जमीन दिलबाग की पत्नी बिंद्रा के नाम करवा दी। इस जमीन की रजिस्ट्री एक करोड़ 51 लाख रुपये की दिखाई गई, जबकि जय भगवान के खाते में केवल 79 लाख रुपये आए। बाद में इसमें से 30 लाख रुपये की आरटीजीएस रितु और मनजीत के खाते में करवा दी गई। अब आरोपी जय भगवान को गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। पुलिस ने जीतगढ़ निवासी प्रदीप, लुदाना निवासी अशोक, संडील निवासी बिंद्रा और दिलबाग, रितु और मनजीत के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।