जींद। कंडेला गांव के युवक को 70 लाख का लोन दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने एक लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर ली है।
कंडेला निवासी महादेव ने एफआईआर में बताया कि 23 अक्तूबर 2025 को उसने अपनी फेसबुक पर ऑनलाइन लोन का विज्ञापन देखा। फिर उसने संपर्क किया तो बताया कि उनकी दलित इंडस्ट्रीज एसोसिएशन नाम से उनकी फेसबुक आईडी है। उन्होंने 70 लाख रुपये का लोन दिलाने का आश्वासन दिया और इसके लिए 520 रुपये की सदस्यता लेने को कहा।
उसने 520 रुपये उनके खाते में डाल दिए। इसके बाद उसने लोन दिलाने के लिए 63 हजार रुपये फीस मांगी जो उन्होंने पांच जनवरी 2026 को उसके मोबाइल पर डाल दिए। फिर कहा कि आपका लोन अप्रूव हो गया है और स्टांप ड्यूटी और लोन एग्रीमेंट के संबंध में 37200 जमा करवाने होंगे।
उन्होंने यह पैसे भी दिए गए यूपीआई आईडी पर भेज दिए। जब और पैसे की मांग की तो उन्हें शक हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है। इस पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।