जींद। ऑनलाइन हवाई यात्रा के लिए टिकट बुक कराने के नाम पर सैनिक से 97856 रुपये की ठगी हो गई। शिकायत के आधार पर नरवाना सदर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में धरौदी निवासी जैकी ने बताया कि वह एसएसबी पैरामिलिट्री फोर्स में सैनिक है। उसने छह अप्रैल 2020 को एक कंपनी की साइट पर फ्लाइट का टिकट बुक किया था, लेकिन कोरोना काल होने के कारण उसका टिकट रद्द हो गया। उसने आठ फरवरी को फ्लाइट का टिकट बुक करने के लिए कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल की। इसके बाद एक अधिकारी ने उससे नई फ्लाइट बुक करने के लिए 70 रुपये अतिरिक्त चार्ज देने की बात कही। उसको मोबाइल में एक एप डाउनलोड करने को कहा और उसके बाद नेट बैकिंग से पेमेंट करने की बात कही। इस दौरान उसके खाते से 97856 रुपये निकल गए। जांच अधिकारी एसआई कृष्ण ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।