हर्ष इंटरनेशनल स्कूल गांव रामराय के चेयरमैन से स्कूल की बिल्डिंग और जमीन का 11 करोड़ रुपये का लोन करवाने के नाम पर गाजियाबाद और चेर्न्नई के पांच लोगों ने छह लाख रुपये ठग लिए। सदर थाना पुलिस ने स्कूल के चेयरमैन की शिकायत पर दो लोगों को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
राजपुरा भैण निवासी धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह हर्ष इंटरनेशनल स्कूल का का चेयरमैन है। उनकी संस्था के 44 सदस्य हैं। स्कूल के निर्माण में ज्यादा राशि खर्च होने पर सभी सदस्यों ने बिल्डिंग तथा जमीन पर लोन लेने के लिए उसे चेयरमैन मनोनीत किया था। 15 अक्तूबर 2019 को गाजियाबाद के राजनगर निवासी संदीप गुप्ता उसके स्कूल में आया और उसने बताया कि वह और उसका साथी चेर्न्नई का संजय प्राइवेट लोन करते हैं। वह ज्यादातर स्कूलों की जमीन और भवनों पर ही लोन देने का काम करते हैं। संदीप ने स्कूल के भवन तथा जमीन को देखकर कहा कि वह 11 करोड़ रुपये का लोन दे सकता है। लोन लेने के लिए सभी नियम व शर्तें तय हो गई थी। संदीप ने उसी दिन अपने खाते में 21 हजार रुपये संस्था के खाते से ट्रांसफर किए थे। उसके बाद 23 अक्तूबर को संदीप ने फोन कर अपने खाते में 20 हजार रुपये स्कूल की भवन तथा जमीन की कीमत लगवाने की प्रक्रिया के लिए डलवाए थे। दोबारा एक नवंबर को संदीप के कहने पर चेर्न्नई जाने के लिए 24-24 हजार रुपये के तीन हवाई जहाज की टिकट बुक करवाए। इसके बाद संदीप ने किसी कार्य में व्यस्त होने के कारण टिकटों को रद्द करवा दिया।
स्कूल जांच के दौरान दिया तीन लाख का चेक, 1.5 लाख नकदी
धर्मबीर ने बताया कि 10 नवंबर को संदीप तथा उसका दोस्त संजय और उसके एक अन्य आदमी स्कूल के भवन व जमीन की जांच के लिए आए। इस दौरान उन्होंने संदीप को तीन लाख रुपये का चेक और 1.5 लाख रुपये नकद तथा 1.5 लाख रुपये कई बार में दिए। स्कूल की जांच के दौरान उन्होंने 11 करोड़ रुपये का लोन होने की बात कही थी। इसके बाद वह उसको चेर्न्नई लेकर गए, जहां पर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए। हस्ताक्षर करवाने के बाद कहा कि 15 दिन के अंदर खाते में 11 करोड़ रुपये आ जाएंगे। जब 15 दिन में पैसे नहीं आए तो उसने संदीप से बात की। इस पर उन्होेंने उससे 60 लाख रुपये खाते में जमा करवाने के लिए कहा। जब उसने 60 लाख देने से मना कर अपने छह लाख रुपये मांगे तो जान से मारने की धमकी दी।
लोन का एक प्रतिशत खर्च के मांगा
धर्मपाल ने बताया कि 11 करोड़ का लोन करवाने के लिए संदीप और उसके दोस्त ने एक प्रतिशत राशि खर्च के तौर पर मांगी थी। जब उन्होंने मना कर दिया तो बात आधा प्रतिशत में बन गई। आधा प्रतिशत में 11 करोड़ रुपये के छह लाख रुपये बनते थे। जो उन्होंने उनके खाते में डलवा दिए थे। इसके बावजूद भी उन्होंने न तो स्कूल भवन व जमीन का लोन करवाया और न ही उसके पैसे लौटाए।
धोखाधड़ी की मिली शिकायत
हर्ष इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन धर्मपाल ने उसके साथ स्कूल के भवन तथा जमीन पर लोन के नाम पर छह लाख रुपये की धोखाधड़ी होने की शिकायत दी है। शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसमें दो लोगों को नामजद तथा तीन अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
एएसआई रविंद्र कुमार, जांच अधिकारी।