जींद। टीम वर्ल्ड कंपनी में पैसे लगाकर 15 और 11 दिन में राशि दोगुना करने का लालच देकर छह लोगों ने अर्बन इस्टेट निवासी सुरेंद्र व उसके अन्य कई जानकारों से 25 लाख रुपये ठग लिए। शहर थाना पुलिस ने टीम वर्ल्ड कंपनी के छह लोगों कैथल जिला के पाई निवासी अनिल शर्मा, करनाल के सेक्टर नौ निवासी दीपक, नरवाना रेलवे फाटक की अंजू, नरवाना निवासी रोहताश और पंचकूला के पिंजौर स्थित फनटैस्टी गेमिंग ओपीसी प्राइवेट लिमिटेड टीम के डायरेक्टर नवीन कौशिक व मोहित शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के अर्बन इस्टेट निवासी सुरेंद्र सिंह ने डीआईजी कार्यालय में दी शिकायत में बताया कि वह शहर में दवाइयों का काम करता है। नरवाना निवासी अंजू जो कि उसकी पुरानी जानकार थी। दिसंबर 2020 में एक दिन उसने पालिका बाजार जींद में पिज्जा हट पर बुलाया और उसे कहा कि उसने कैथल जिला के पाई निवासी अनिल शर्मा के साथ मिलकर लिंक सक्सैस क्लब के नाम से कंपनी बनाई हुई है जो कि ऑनलाइन फोरेक्स में डील करती है और कंपनी का प्लान है कि 26500 लगाओ और 15 दिन में दोगुना मिलेंगे। इसी प्रकार से 17600 लगाओ और फिर 11 दिन में दोगुना दिए जाएंगे। यदि पैसे ज्यादा लगाओ तो 80 दिन में डबल करते हैं। उनकी कंपनी पूरे भारत में कार्य करती है। रोहताश और प्रदीप ने कहा कि अंजू इंडिया की टॉप लीडर है और इसने फ्यूचर मेकर लाइफ केयर प्राइवेट लिमिटेड हिसार में भी करोड़ों रुपये कमाए हैं। फिर इन्होंने अपनी बैंक स्टेटमेंट भी दिखाई। उन्होंने कहा कि कंपनी का बैकअप अच्छा है और करोड़ों का कारोबार है। 15 दिसंबर 2020 को अंजू नैन ने उसे कंपनी का पूरा बिजनेस प्लान समझाया था। उन्होंने खुद व अपने जानकारों समेत कुल 25 लाख 12 हजार रुपये खुद के खातों में डलवा लिए थे। जब उन्होंने निर्धारित समय के बाद दो गुणा राशि वापस मांगी तो उन्होंने आगे चेन सिस्टम बनाने की बात कही। जब उन्होंने चेन सिस्टम बनाने से मना किया तो उन्होंने उनकी राशि लौटाने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी एसआई बलविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने, अमानत में ख्यानत करने, साजिश रचने, जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
----------------------------------
07जेएनडी23: आयोजित सेमिनार में मौजूद ठगी करने वाले गिरोह के आरोपी सदस्य। संवाद।