संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की तरफ से वीरवार को दनोदा गांव में बिजली अदालत का आयोजन किया गया। इसमें अधीक्षण अभियंता एमएल सुखीजा ने लोगों की समस्याएं सुनीं। बिजली अदालत में चार समस्याएं आईं। तीन शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
बिजली लाइनों को स्थानांतरित करना, वोल्टेज समस्या, खराब मीटर संबंधित समस्या अधीक्षण अभियंता सुखीजा के समक्ष रखी गईं। बिजली बिलों, खराब मीटर को बदलने जैसी समस्याओं को उपमंडल अधिकारी दीपक कुमार को तुरंत प्रभाव से समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निगम का बिजली अदालत लगाने का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना है। बिजली निगम ने अच्छी बिजली आपूर्ति देने के लिए अलग-अलग योजनाएं चलाई हुई हैं, जिसके तहत गांव-गांव में पुराने बिजली के पोल और तारों को बदलकर नए पोल और तारें लगाकर पर्याप्त बिजली सुविधा दी जा रही है।
जिन गांवों में म्हारा गांव जगमग गांव योजना का कार्य पूरा किया जा चुका हैं वहां पर 22 से 23 घंटे बिजली आपूर्ति दी जा रही है। उप शहरी सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी म्हारा गांव जगमग गांव का कार्य चल रहा है। कार्य पूरा होने पर बिजली के हादसों पर रोक लगेगी।
उन्होंने प्रधान मंत्री सूर्य घर योजना का भी लाभ लेने के लिए प्रेरित किया और योजना के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बिजली चोरी करना दंडनीय अपराध है। यदि कोई उपभोक्ता बिजली चोरी करता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना न भरने की सूरत में उन्हें जेल भी हो सकती है।