03जेएनडी06: कर्मपाल देशवाल प्रधान सेक्टर नौ।
जींद। सेक्टर-7, 8 और 9 के करीब 2500 मकानों में पानी और सीवर के बिल सामान्य से कई गुना अधिक आने का मामला सामने आया है। सेक्टर-9 वेलफेयर सोसाइटी ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के अधिकारियों को शिकायत देकर बिलों की जांच और गलत राशि को संशोधित करने की मांग की है।
सोसाइटी के प्रधान करमपाल देशवाल के अनुसार अक्तूबर में जारी बिलों में कई उपभोक्ताओं से सामान्य से करीब तीन गुना राशि मांगी गई है। कई बिलों में एक साथ कई महीनों की खपत और बकाया राशि जोड़ दी गई जिससे बिल बढ़ गया। सोसाइटी ने मांग की है कि प्रत्येक माह की वास्तविक मीटर रीडिंग और खपत के आधार पर बिल की अलग-अलग गणना कर संशोधित बिल जारी किए जाएं।
एचएसवीपी के 2026-27 के टैरिफ चार्ट के अनुसार 10 किलोलीटर तक पानी की खपत पर 3.04 रुपये प्रति किलोलीटर, 10 से 20 किलोलीटर तक 6.06 रुपये, 20 से 30 किलोलीटर तक 9.72 रुपये और 30 किलोलीटर से अधिक खपत पर 12.16 रुपये प्रति किलोलीटर शुल्क निर्धारित है।
बिना मीटर वाले आवासीय प्लॉटों के लिए भी क्षेत्रफल के अनुसार अलग शुल्क निर्धारित हैं। सोसाइटी का कहना है कि इन दरों के अनुसार वास्तविक खपत के आधार पर बिल तैयार किए जाने चाहिए।
देर से भुगतान पर 10 प्रतिशत लेट पेमेंट चार्ज का भी प्रावधान
सोसाइटी ने बिलिंग अवधि, मीटर रीडिंग और लगाए गए पानी-सीवर शुल्क की जांच कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में नियमित अंतराल पर बिल जारी करने की मांग की है ताकि कई महीनों का भुगतान एक साथ न करना पड़े। देर से भुगतान पर 10 प्रतिशत लेट पेमेंट चार्ज का भी प्रावधान है।
बॉक्स
इस बार बिल एजेंसी की ओर से चार माह का बिल एक साथ भेजा गया है। सेक्टरवासियों की शिकायत मुख्यालय भेजी जाएगी और वहीं से बिलों में सुधार कराया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। उनकी शिकायत पर जल्द ही समाधान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
-अनूज, जेई हुडा।
03जेएनडी06: कर्मपाल देशवाल प्रधान सेक्टर नौ।