28जेएनडी05: बुढ़ा खेड़ा गांव में लीकेज कनेक्शन की जांच करते हुए विभाग के कर्मचारी। स्रोत: विभाग
जींद। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल की बर्बादी रोकने और अवैध जल कनेक्शनों पर शिकंजा कसते हुए पिल्लूखेड़ा क्षेत्र के गांव बुढ़ाखेड़ा और दालमवाला में विशेष जांच अभियान चलाया। गांव दालमवाला में सब्जी, खेती और खाली प्लॉटों में पेयजल के अवैध उपयोग के चार कनेक्शन मौके पर ही काट दिए गए। वहीं, दोनों गांवों में नियमों के उल्लंघन के मामले में 24 से अधिक उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए।
जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने बताया कि यह अभियान उपमंडल अभियंता रणवीर सिंह और राकेश शर्मा के निर्देशन में चलाया गया। गांव दालमवाला में खंड समन्वयक दिनेश कुमार के नेतृत्व में विभाग की संयुक्त टीम ने 56 घरों का सर्वे कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक किया। टीम ने घर-घर जाकर नलों पर टोंटी लगाने, पेयजल का दुरुपयोग नहीं करने और जल संरक्षण अपनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान ऐसे उपभोक्ताओं की पहचान की गई जिन्होंने नलों पर टोंटी नहीं लगाई थी। एक से अधिक पेयजल कनेक्शन ले रखे थे या निर्धारित आधा इंच से बड़े आकार के कनेक्शन कर रखे थे। ऐसे सभी उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर निर्धारित समय के भीतर नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाली प्लॉटों और खेती में पेयजल के अवैध उपयोग पर चार कनेक्शन तत्काल काट दिए गए।
उधर, गांव बुढ़ाखेड़ा में खंड समन्वयक सुरेंद्र दुग्गल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 20 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए। विभाग की टीम ने ग्रामीणों को जल संरक्षण का महत्व बताते हुए पेयजल के सदुपयोग के लिए प्रेरित किया।
बॉक्स
सफीदों शहर में भी पेयजल व सीवरेज के अवैध कनेक्शनों को नियमित कराने के लिए अभियान जारी है। ऑटो रिक्शा के माध्यम से मुनादी कर लोगों से निर्धारित समय में अपने कनेक्शन नियमित कराने और पेयजल की बर्बादी रोकने की अपील की जा रही है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-राकेश शर्मा, उपमंडल अभियंता जींद