जींद। गंगापुत्र आयुर्वेदिक कॉलेज में प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे बीएमएस के छात्र की संदिग्ध हालत में हुई मौत मामले की अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट नहीं आने के कारण पुलिस की जांच भी आगे नहीं बढ़ पाई है। ऐेसे में पुलिस भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू हो पाएगी।
29 मई को गंगापुत्र आयुर्वेदिक कॉलेज के पास खेतों में सोनीपत जिले के बरौदा निवासी 25 वर्षीय हर्षित का शव पड़ा हुआ था। उसके मुंह से झाग निकले हुए थे और पास ही जहरीली दवा की खाली डब्बी पड़ी हुई थी। वह कॉलेज में बीएएमएस के प्रथम वर्ष का छात्र था।
परिजनों का कहना था कि हर्षित काॅलेज के हॉस्टल में ही रहता था। हर रोज बात होती थी। 28 मई को हर्षित का फोन आया था और अच्छे से बात हुई थी, लेकिन 29 मई सुबह पुलिस ने सूचना दी कि हर्षित का शव खेतों में पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंचे तो उसका शव खेतों में पड़ा था जबकि उसका फोन, चप्पल और फोन का चार्जर खेत में बने एक कमरे की छत पर पड़े हुए थे। उन्होंने आरोप लगाया था कि हर्षित की कॉलेज के स्टाफ और अन्य लोगों ने हत्या कर खेत में फेंका है।
वर्जन
अभी तक मृतक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है। मामला संवेदनशील है। इसलिए रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई शुरू हो पाएगी। -डॉ. सुनील, जांच अधिकारी, सदर पुलिस थाना, जींद