जींद। शामलो खुर्द गांव निवासी आशा वर्कर को सिर दर्द, बदन दर्द, चक्कर आने व सांस लेने में परेशानी होने पर नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में दाखिल करवाया गया है। बताया जा रहा है कि आशा वर्कर ने चार दिन पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कोविशील्ड वैक्सीन लगवाई थी। परिजनों ने ज्यादा तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में दाखिल करवाया, वहीं चिकित्सकों ने कहा कि यह मामूली बातें हैं, जो किसी भी वैक्सीन के लगवाने से हो सकती है। फिलहाल महिला की हालत ठीक है।
गांव शामलो खुर्द निवासी सुनीता आशा वर्कर के रूप में गांव में कार्यरत है। चार दिन पहले उसने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन लगवाई थी। तीन दिन तक उसे कोई परेशानी नहीं हुई। वीरवार को अचानक उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके अलावा पूरे शरीर में दर्द हो गया। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि सुनीता की हर प्रकार से जांच की गई है, उसे कोई परेशानी नहीं है। बदन दर्द होना वैक्सीन लगवाने के बाद आम बात है। महिला को सांस लेने में कोई तकलीफ नहीं है। फिर भी निगरानी के तौर पर उसे रात को नागरिक अस्पताल में ही रखा जाएगा।