संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। भिवानी रोड पर गांव घिमाना के पास बैटरी स्क्रैप व्यापारी की गाड़ी रुकवाकर 4 लाख 98 हजार 600 रुपये लूटने के मामले में सदर थाना पुलिस ने चार आरोपियों भूपेंद्र नगर निवासी चांद, दुर्गा कॉलोनी निवासी जयदीप, बीबीपुर निवासी लोकेश और रामनगर निवासी शुभम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। भिवानी जिले के गांव कोट निवासी राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पुरानी बैटरियों के स्क्रैप का कारोबार करते हैं। 16 अक्तूबर की रात वह अपने साथी प्रवीण के साथ गाड़ी में बैटरी स्क्रैप लेकर जींद आए थे।
हांसी रोड स्थित प्लॉट नंबर 17 में स्क्रैप बेचने के बाद उन्हें 4,98,600 रुपये मिले। दोनों ने नकदी पॉलिथीन में रखकर गाड़ी की परिचालक सीट के नीचे बने टूल में रख दी और देर रात घर लौटने लगे।
जब वह भिवानी रोड पर गांव घिमाना के पास पहुंचे तो पीछे से आई दो गाड़ियों में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी का रास्ता रोक लिया। एक युवक ने गाड़ी की चाबी निकालकर राजेश को थप्पड़ मारा, जबकि दूसरे ने प्रवीण को नीचे उतारकर डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने गाड़ी की तलाशी ली और सीट के नीचे रखी नकदी निकालकर फरार हो गए। जाते समय उन्होंने दोनों को धमकी भी दी।
सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि पुलिस ने व्यापारी से नकदी लूटने के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।