नरवाना। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने अपने विधानसभा क्षेत्र के दबलैन गांव में 2.45 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। कैबिनेट मंत्री ने सोमवार को गांव के वाटर वर्क्स के नवीनीकरण एवं विस्तारीकरण का शिलान्यास किया।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा इस कार्य में एक करोड़ 61 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री ने गांव की अनेक चौपालों के निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों के लिए भी 83 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। बेदी ने कहा कि पर्याप्त एवं स्वच्छ पेय जल की व्यवस्था की मांग गांव ग्रामीण लंबे समय से कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गांव का जल घर 1985 से बना हुआ था और इससे गांव की आबादी बढ़ने के कारण पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं करवा पा रहा था।
इस जल घर का अब नए सिरे से नवीनीकरण और विस्तारीकरण करने का कार्य शुरू हो गया है। इसके अलावा गांव की मांग पर मुख्यमंत्री द्वारा उच्च विद्यालय को भी 12वीं कक्षा तक बनाने के प्रस्ताव को मंजूर किया गया है। इसके लिए गांव वासियों समेत वह व्यक्तिगत तौर पर भी मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हैं। मंत्री बेदी ने घोषणाएं करते हुए 38 लाख रुपये सामान्य चौपाल के लिए मंजूर करने का एलान किया। इसमें 28 लाख रुपये की राशि पहले से मंजूरशुदा है, जबकि 10 लाख रुपये की राशि की मंत्री ने अतिरिक्त घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने बाजीगर चौपाल और चमारान चौपाल के लिए 10-10 लाख रुपये, ब्राहमण चौपाल के लिए 15 लाख रुपये, डिजिटल लाइब्रेरी के लिए 21 लाख रुपये तथा वाल्मीकि चौपाल के लिए भी 10 लाख रुपये ग्रांट देने की घोषणा की। गौरतलब है कि वाल्मीकि चौपाल के लिए 21 लाख रुपये की राशि पहले से ही मंजूर है। बेदी ने ग्रामीणों की मांग पर हर्बल पार्क, स्कूल में सौलर सिस्टम, बहुउद्देशीय हॉल, बास्केट बॉल मैदान, स्कूल में छात्रों की संख्या अनुसार अतिरिक्त नए कमरों का निर्माण, उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण, स्टेडियम व उसमें जिम व्यवस्था एवं चार दीवारी निर्माण बारे भी संबंधित विभागों को एस्टीमेट बनाने तथा ग्राम पंचायत को जमीन उपलब्ध करवाने के लिए कहा। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 100-100 गज के प्लाट दिलवाने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर बलदेव वाल्मीकि, कुलदीप सरपंच, मंडल अध्यक्ष प्रमोद शर्मा, मंडी एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट राजेश शर्मा, तेजपाल शर्मा, हसंराज समैन, विशाल मिर्धा, रिछपाल शर्मा, अमित ढाकल, विनय बेलरखा, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र नैन, अमनदीप गुप्ता, सुरेश पांचाल, सुशील नायक मौजूद रहे।