फोटो 22जेएनडी01-तुलसी विवाह समारोह में पूजा-अर्चना करते हुए महिलाएं। स्रोत श्रद्धालु
जींद। माता वैष्णो देवी धाम में आयोजित कार्तिक महोत्सव के तहत शनिवार देर शाम तुलसी विवाह समारोह श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। आचार्य पवन शर्मा ने श्रद्धालुओं को प्रवचन देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को प्रभु के साथ कोई न कोई सार्थक संबंध अवश्य जोड़ना चाहिए। ऐसा करने से भगवान की याद सदैव हृदय में बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार परिवार के सदस्यों के साथ हमारा सोते-जागते और उठते-बैठते स्थायी संबंध बना रहता है, उसी प्रकार आत्मकल्याण के लिए परमात्मा के साथ भी निरंतर संबंध बनाए रखना जरूरी है। उनसे जुड़कर और उन्हीं का होकर रहना ही भक्ति योग है। यही ईश्वर प्राप्ति का सबसे सरल और सहज साधन है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने परिवार के लिए तो कौआ और कुत्ता भी जीता है, लेकिन जीवन उसी का सार्थक है, जिसका जीवन परमात्मा के लिए समर्पित हो।
समारोह में मां तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पूर्ण वैदिक विधि-विधान और धूमधाम से संपन्न हुआ। मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का आकर्षक शृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। सुनीता शर्मा और अनुराधा भोला सपरिवार इस मांगलिक आयोजन के यजमान बने।
इस दौरान सीमा कोचर, संतोष शर्मा, कैलाश गोयल, वीना मदान, नीलम कोचर, ममता पसरिजा, लक्ष्मी लखिना, लीलावंती चोपड़ा, सुमन आहूजा, मीनू चोपड़ा, रजनी गांधी, मंजू चोपड़ा और राज छाबड़ा ने मंगल गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।