जुलाना। क्षेत्र के नंदगढ़ गांव में शनिवार को दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता का जन्मदिन मनाया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गांव के स्टेडियम में जनसभा के लिए टेंट लगाया गया है, जहां पर प्रदेश के मुख्यमंत्री कई विकास कार्यों का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। जनसभा के लिए पांच हजार कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके अलावा पंडाल में तीन मंच भी बनाए गए हैं जिनमें से दो वीआईपी के लिए और एक मंच पर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। गांव में रेखा गुप्ता के पुस्तैनी मकान में केक काटा जाएगा।
मकान के वर्तमान मालिक चांद दलाल ने रेखा गुप्ता के लिए उनके मकान में एक झुले का भी प्रबंध किया है ताकि रेखा गुप्ता अपने बचपन के दिन याद कर सकें। रेखा गुप्ता महज दो साल की उम्र में ही अपने परिजनों के साथ दिल्ली चली गईं थीं।
जुलाना में पहली बार दो मुख्यमंत्री आएंगे और जनता को उम्मीद है कि जुलाना का पिछड़ापन भी दूर होगा। दोनों मुख्यमंत्रियों को चूरमा और खीर खिलाई जाएगी। चांद दलाल का कहना है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पहली बार सावन के महीने में अपने पैतृक गांव आ रही हैं। इससे पहले उसे अपने गांव आने का मौका नहीं मिला।
पांच करोड़ से बनी है अग्रसेन धर्मशाला, होगा उद्घाटन
जुलाना के देवरड़ रोड पर महाराजा अग्रसेन धर्मशाला का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिस पर लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत आएगी। शनिवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता धर्मशाला का उद्घाटन करेंगे। धर्मशाला में 20 कमरे बनाए गए हैं और भव्य हॉल बनाया गया है। धर्मशाला एसी हॉल के मामले में 5 स्टार होटल को पीछे छोड़ रही है।
बारिश को देखते हुए बदली हेलीपैड की जगह
जुलाना के रेस्टहाउस के पास बने स्टेडियम में हेलीपैड बनाने का निर्णय किया गया था लेकिन बरसाती मौसम को देखते हुए नई अनाजमंडी में हेलीपैड बनाया गया है। जहां से दोनों मुख्यमंत्री पहले जुलाना की अग्रसेन धर्मशाला का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद एक कार्यक्रम गोशाला में है। इसके बाद नंदगढ़ गांव में जनसभा होगी। बारिश को देखते हुए 4 एकड़ में वाटरप्रूफ टेंट लगाया गया है।
सब्जी मंडी को अनाजमंडी में मर्ज करने की सीएम से मांग करेंगे आढ़ती
जुलाना की नई अनाजमंडी में सब्जी मंडी को मर्ज करने की मांग आढ़ती नंदगढ़ गांव में आयोजित रैली में मुख्यमंत्री से करेंगे। आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पवन लाठर ने बताया कि मर्ज न करने से आढ़तियों को परेशानियों से गुजरना पड़ रहा है।
-
जुलाना नगरपालिका के चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा ने बताया कि मुख्यमंत्री से ई लाईब्रेरी, नगरपालिका की इमारत के नवनिर्माण, सीवरेज लाइन बिछाने, इंडोर स्टेडियम, नर्सिंग कॉलेज, हांसी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ऑपरेशन थियेटर, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, मार्केट कमेटी में तीसरे भाग का निर्माण और फायर ब्रिगेड के बड़े व्हीकल सहित 33 मांग सौंपी जाएंगी।