जींद। पटियाला चौक स्थित वार्ड नंबर आठ की खटीक बस्ती के लोग करीब चार साल से सीवरेज लीकेज और जलभराव की समस्या से परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन खराब होने के कारण घरों के बाहर गंदा पानी जमा रहता है। दुर्गंध और गंदगी के चलते लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
समस्या को लेकर कई बार वार्ड पार्षद और विधायक सहित संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। आरोप लगाया कि लंबे समय से सफाई व्यवस्था भी प्रभावित है और बस्ती में नियमित सफाई नहीं हो रही।
बस्ती निवासी नरेश खटीक ने बताया कि सीवर लाइन लीकेज की समस्या करीब चार साल पुरानी है। सीवर का गंदा पानी अक्सर घरों के सामने जमा रहता है जिससे दुर्गंध फैलती है। कई बार हालात इतने खराब हो जाते हैं कि घरों में बैठना और खाना खाना तक मुश्किल हो जाता है। अधिकारियों के भी कई बार चक्कर काटे जा चुके हैं लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ।
वहीं, महेंद्र कुमार ने बताया कि गंदे पानी की निकासी नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। बारिश के दिनों में गली में पानी भर जाता है और हालात और खराब हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जमा गंदगी और जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या भी बढ़ गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बना रहता है। बच्चों का बाहर खेलना और बुजुर्गों का आना-जाना भी प्रभावित हो रहा है। सफाई कर्मचारी भी कॉलोनी में सफाई करने नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सीवर लीकेज को जल्द ठीक कराया जाए और जलभराव व सफाई व्यवस्था का स्थायी समाधान किया जाए। इस अवसर पर मोहन कुमार, बिमला देवी, राजेश, अनिल और संजू बाबा मौजूद रहे।