03जेएनडी24: मिठाई की दुकान से खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी सैंपल लेते हुए। स्रोत : विभाग
जींद। होली पर आमजन की सेहत से खिलवाड़ न हो इसके चलते खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पिल्लूखेड़ा व जींद के परशुराम चौक से दो दुकानों से मिठाई के सैंपल लिए। इनको जांच के लिए लैब में भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. योगेश कादियान ने कहा कि दुकानदारों को लोगों के स्वास्थ्य को देखते हुए मिठाइयों को अच्छे तरीके से व स्वच्छता को ध्यान में रखकर तैयार करना चाहिए। अगर मिठाई अच्छी होगी तो उपभोक्ताओं की सेहत भी ठीक रहेगी। कुछ दुकानदार स्वच्छता की पालना नहीं करते और मिठाइयों को मिलावटी बनाते हैं।
पिल्लुखेडा में एक मिठाई की दुकान से खोया बर्फी का सैंपल भरा। जींद में परशुराम चौक के पास एक मिठाई की दुकान से टीम ने मिल्क केक का सैंपल लिया। दुकानदारों को दुकान में साफ-सफाई और मिठाई बनाते समय पूरी सावधानी बरतने को कहा।
मिठाई में सुरक्षा मानकों से अनुसार ही रंग का प्रयोग करें
डॉ. योगेश कादियान ने कहा कि दुकानदार मिठाई में सुरक्षा मानकों से अनुसार ही रंग का प्रयोग करें। अगर इसमें ज्यादा रंग मिला तो दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ज्यादा रंग वाली मिठाई स्वास्थ्य के लिए खतरनाक होती हैं। विभाग का उद्देश्य है कि बाजार में मिलने वाला हर तरह का खाद्य पदार्थ लोगों की सेहत लाभदायक हो। मिठाई के दो सैंपल लिए हैं। इनकी रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।