जींद। स्वास्थ्य विभाग को मंगलवार को दो डेंगू के संक्रमण की रिपोर्ट मिली है। इसके चलते जिले में अब डेंगू के मरीजों की संख्या 71 पर पहुंच गई। जहां पर डेंगू के मामले ज्यादा मिल रहे हैं। उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग ने फॉगिंग का काम भी शुरू करवाया है।
स्वास्थ्य विभाग को मिली रिपोर्ट में छातर गांव निवासी 31 वर्षीय युवक व खटकड़ गांव में 17 वर्षीय किशोरी की रिपोर्ट संक्रमित मिली। अब विभाग की टीम दोनों गांवों में फॉगिंग करवाएगी और आसपास के बुखार से पीड़ित लोगों के रक्त के सैंपल लेकर जांच करेगी। सोमवार को जिन क्षेत्रों में डेंगू व चिकनगुनिया की रिपोर्ट आई थी।
वहां पर दिनभर स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों पर फॉगिंग का काम चला। हकीकत नगर व ओमनगर में फॉगिंग करवाई गई। इसके अतिरिक्त जहां पर पिछले दो दिन में लार्वा मिला। उन क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 16 लोगों को नोटिस भेजकर साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए हैं ताकि जिले में बढ़ रहे डेंगू के मामलों को रोका जा सके।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार जागरूकता अभियान चलाए हुए है। इसके बावजूद भी यह स्थिति नहीं रुक पा रही। सोमवार को ओमनगर व हकीकत नगर में एक डेंगू तो एक चिकनगुनिया का मामला सामने आया था। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बरतते हुए दोनों काॅलोनियों में फॉगिंग का काम करवाया।
अगर शहर की कॉलोनियों में नालों की प्रतिदिन सफाई हो और इसमें विभाग दवाई डाले तो कुछ हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। अब बढ़ते मामलों को रोकना स्वास्थ्य विभाग के लिए भी चुनौती बनी है।
स्वास्थ्य विभाग को जन सहयोग की जरूरत
गांवों व शहर के वार्डों में बढ़ रहे डेंगू को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग को जन सहयोग की जरूरत है। जब तक हर व्यक्ति अपने आसपास साफ सफाई का ध्यान नहीं रखेगा तो इस पर नियंत्रण करना मुश्किल काम है। अगर हर व्यक्ति स्वच्छता को लेकर काम करे तो डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मच्छरों को पनपने से रोका जा सकता है।
जिले में डेंगू मंगलवार को भी डेंगू से संक्रमण के दो मामले सामने आए हैं। इनको रोकने के लिए आमजन को भी स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करना होगा। हर व्यक्ति को अपने आसपास साफ सफाई रखने के लिए जागरूकता दिखानी होगी। जहां पर भी संक्रमण के मामले आए हैं। वहां पर फॉगिंग करवाने के निर्देश दिए हैं और बीमार लोगों के रक्त के सैंपल लिए जाएंगे।
-डॉ. बिजेंद्र ढांडा, नोडल अधिकारी मलेरिया।