जींद। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिला प्रधान महावीर ने कहा कि पुरानी अनाज मंडी में निरंतर चोरी की वारदात हो रही है। मंडी में स्ट्रीट लाइट बंद व सीसीटीवी कैमरे न होने की वजह से चोरी का सिलसिला प्रतिदिन जारी है। एक महीने के अंदर दर्जनों चोरी हो चुकी है तथा चोरों का कोई सुराग नहीं लगा।
उन्होंने कहा कि कई दुकानदार शहर थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। महावीर प्रसाद प्रवीन कुमार बैटरी की दुकान के मालिक अंकित गर्ग की दुकान में चोरी हो गई थी। बैटरी तथा गले में रखे 2500 रुपये चोरी करके ले गए थे। पुरानी अनाज मंडी में बिजली दुकान सहित कई जगहों पर चोरी हो चुकी है। दुकानदारों का लाखों रुपये का नुकसान हो चुका है। बढ़ती चोरियों से व्यापारी भयभीत व डरे हुए है। व्यापारियों की मांग है कि चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन अंकुश लगाए तथा मुख्य बाजारों में पुलिस ग्रस्त बढ़ाई जाए। जिला प्रशासन से मांग की है कि पुरानी अनाज मंडी में प्रतिदिन चोरी हो रही है। यह बहुत बड़ा गिरोह हो सकता है। चोरी के गिरोह को जल्द से जल्द पकड़ा जाए। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि शहर में बंद पड़ी लाइटें और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाए, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट व कैमरे ना होने के कारण चोर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस अवसर पर प्रवीन गर्ग, रामू दालमवाला, खजान सिंह, गौरव, प्रवीन जिंदल, सुरेश जिंदल मौजूद रहे।