उचाना। उपमंडल के पांच गांवों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार कर मंजूरी के लिए मुख्यालय भेज दिया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
गांव घसो खुर्द, घसो कलां, सुरबरा, दरोली खेड़ा और झील में योजना के तहत जर्जर हो चुकी पेयजल पाइपलाइन बदली जाएंगी। इसके अलावा जिन क्षेत्रों में अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
इसके अलावा जलघरों में पानी के टैंक, फिल्टर, चारदीवारी, पानी सप्लाई मोटर और अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य भी करवाए जाएंगे। ग्रामीणों की लंबे समय से मांग रही है कि खराब हो चुकी पाइपलाइनों को बदला जाए और उन इलाकों तक पेयजल आपूर्ति पहुंचाई जाए जहां अभी तक पाइपलाइन नहीं बिछी है।
जन स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों की मांगों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक कार्यों का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय भेजा है। ग्रामीण मंदीप, सुरेंद्र, बलवान और राजा ने बताया कि कई क्षेत्रों में आज भी पेयजल पाइपलाइन नहीं पहुंची है जबकि जहां पाइपलाइन मौजूद है, वहां कई स्थानों पर वह जर्जर हो चुकी है। इसके कारण पानी की आपूर्ति प्रभावित होती है और कई बार गंदा पानी भी सप्लाई में पहुंच जाता है।
वर्जन
पांचों गांवों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा गया है। इसमें नई पाइपलाइन बिछाने, पुरानी जर्जर पाइपलाइन बदलने, जलघरों में चारदीवारी, फिल्टर, पानी के टैंक, सप्लाई मोटर और अन्य मरम्मत कार्य शामिल हैं। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
-सुनीता, एसडीओ, जन स्वास्थ्य विभाग उचाना