जींद। मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कर ली है। श्याम नगर निवासी राजेंद्र शर्मा ने एफआईआर में बताया कि 19 जनवरी 2019 को उन्होंने सत्यवान गौतम को पांच लाख रुपये दिए थे। आरोपी ने उनके बेटे का एमबीबीएस में दाखिला करवाने का भरोसा दिया था। काफी समय बीतने के बाद दाखिला नहीं हुआ। जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने पैसे लौटाने के बजाय उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के बाद मामले की जांच डीएसपी सफीदों ने की। इस दौरान आरोपी ने अपने बचाव में पांच लाख रुपये की एक कथित रसीद पेश की। इसमें रकम को सोने की बुकिंग के लिए दिया जाना बताया गया था। राजेंद्र शर्मा का आरोप है कि उन्होंने कभी सोने की बुकिंग के लिए कोई रकम नहीं दी थी। पांच लाख रुपये केवल बेटे के एमबीबीएस दाखिले के लिए दिए गए थे। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने एफआईआर में बताया कि इस मामले में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि हड़पने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद संवाद