अलेवा। नगूरां पीएचसी में डिलिवरी हट की शुरुआत के साथ ही रविवार को नगूरां निवासी उर्मिला ने पीएचसी में बेटी को जन्म दिया। शुरुआत में ही पीएचसी नगूरां के रिकॉर्ड में लड़की का नाम दर्ज हुआ है। पीएचसी में पहली लड़की पैदा होने पर नर्सिंग ऑफिसर जोगिंद्रो देवी, समता के अलावा आउटसोर्स कर्मचारी पूजा तथा बलिंद्र ने माता-पिता को बधाई दी।
बच्ची के पिता नगूरां निवासी हरीश ने बताया कि पीएचसी नगूरां में डिलिवरी हट शुरू होना उनके लिए बड़ी खुशी की बात है। उसकी पत्नी को 8 साल बाद पहला बच्चा हुआ है और वह भी लड़की। लड़की के जन्म लेने पर उनके परिवार मेंं खुशी का माहौल है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने नजदीकी डिलिवरी हट खोलकर नगूरां तथा आसपास गांव के लोगोंं को तोहफा दिया है। अब गर्भवती को प्रसव पीड़ा होने पर नजदीकी डिलिवरी केंद्र पर जाकर डिलिवरी कराने में आसानी होगी।
जानकारी के अनुसार नगूरां पीएचसी में सात मार्च को डिलिवरी हट की शुरूआत सिविल सर्जन जींद तथा सरपंच मोनिका ने रिबन काटकर की थी। तभी से कयास लगाए जा रहे थे कि पीएचसी में वह खुशनसीब पहला बच्चा कौन होगा जो पीएचसी के रिकार्ड में अपना पहला नाम दर्ज करवाएगा। इसके लिए रविवार को वह दिन आ ही गया। जिसमें पहले बच्चे के रूप में एक लड़की ने जन्म लिया। लड़की के जन्म पर परिवार के लोगों के साथ-साथ स्टाफ सदस्यों में खुशी का माहौल है। मौके पर पहुंची पंच सुदेश नगूरां का कहना है कि नगूरां पीएचसी में डिलिवरी हट की शुरूआत होने से अन्य सुविधाओं में इजाफा होने से निकटवर्ती गांवों की गर्भवती महिलाओं तथा लोगों को ईलाज के लिए दूर-दराज स्वास्थ्य केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा। पीएचसी में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होने से लोगों को पहले से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, वहीं गर्भवती महिलाओं को भी स्वास्थ्य देखभाल के लिए दूर के स्वास्थ्य केंद्रों पर नहीं भटकना पड़ेगा। पीएचसी नगूरां की धरती पर रविवार को पहली बच्ची ने जन्म लेकर पूरे गांव का कृतार्थ कर दिया है। इस अवसर पर नर्सिंग आफिसर जोगिंद्रो, समता के अलावा आउटसोर्स कर्मचारी पूजा, बलिंद्र, आंगनबाड़ी वर्कर सुनिता, आशा वर्कर पूनम तथा पंच सुदेश नगूरां मौजूद रही।
रविवार को पीएचसी में पहली लड़की का पैदा होना स्वास्थ्य विभाग तथा परिवार के लोगों के लिए गौरव की बात है। स्वास्थ्य विभाग ने नगूरां पीएचसी में स्टाफ की नियुक्ति के साथ-साथ सुरक्षित प्रसव के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करवा दी है। स्वास्थ्य विभाग ग्रामीणों को ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं देने के लिए कृतसंकल्प है। -डा. दीक्षा यादव चिकित्सा प्रभारी नगूरां