संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर से सटे गांव जाटूवास के पास मंगलवार की शाम तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से बाइक सवार दमकलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि गंभीर बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेक्टर-3 चौकी पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
गांव भाड़ावास निवासी जितेंद्र कुमार धारूहेड़ा कस्बा स्थित दमकल केंद्र में चालक के पद पर कार्यरत थे। वह किसी कार्य से बाइक से शहर आ रहे थे। उनके साथ बाइक पर गांव निवासी पन्ना लाल भी बैठे हुए थे। दोनों शहर के समीप गांव जाटूवास स्थित बाईपास फ्लाईओवर के निकट पहुंचे थे कि एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टैंकर के नीचे आने से जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पन्ना लाल का पैर कुचले जाने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और घायल पन्ना लाल को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया। सूचना के बाद सेक्टर-3 चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल में भेज दिया। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।