फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: नई मंडी में लगी आग, गेहूं के 3200 कट्टे और बारदाने की आठ गांठें जलीं

Mon, 17 Apr 2023 12:00 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, जींद
विज्ञापन
विज्ञापन
सफीदों। कस्बे की नई अनाज मंडी में रविवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब यहां पर रखे एक चाय के खोखे में अचानक आग लग गई। यह खोखा व उसके रखा सारा सामान पलक झपकते ही आग से नष्ट हो गया। साथ ही आसपास की आढ़त की तीन दुकानों के बाहर लगे गेहूं के कट्टों को भी अपनी चपेट में ले लिया। यहां गेहूं सरकारी एजेंसियों हैफेड व खाद्य एवं आपूर्ति द्वारा खरीदी गई थी, लेकिन ये एजेंसियां अपने खरीदे गए माल का उठान समय पर नहीं करवा पाईं थीं। गनीमत रही कि इस दौरान जनहानि नहीं हुई। घटना के वक्त खोखे और उसके आसपास दर्जनों लोग खड़े व बैठे हुए थे। मामले की सूचना फायर ब्रिगेड व पुलिस को दी गई। अनाज मंडी परिसर में स्थापित फायर स्टेशन से दमकल मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया।
विज्ञापन

वहीं पुलिस की ओर से एसआई कुलवंत सिंह अपनी टीम के साथ अनाज मंडी में घटनास्थल पर पहुंचे। इसके अलावा काफी तादाद में आसपास के दुकानदार व मजदूरों मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग को बुझाने का प्रयास किया। वहीं किसी ने खोखे के अंदर रखे दो गैस सिलिंडरों को बाहर खींचकर खाली जगह पर फेंका अन्यथा बड़ा हादसा घटित हो सकता था। आग लगने का कारण खोखे के ऊपर से जा रही बिजली के तार में शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना में खोखा संचालक सोनू जांगड़ा निवासी सफीदों का खोखा व उसमें रखा हजारों का सामान जल गया और आढ़ती लांबा ट्रेडिंग कंपनी के 2200 कट्टे, हनवंत राय सतनारायण के 600 कट्टे व नीलकंठ ट्रेडिंग कंपनी के 400 कट्टे गेंहू के जलकर खाक हो गए। वहीं लांबा ट्रेडिंग कंपनी की चार गांठ व नीलकंठ ट्रेडिंग कंपनी की 2 गांठ बारदाने की भी आग की भेंट चढ़ गई। इस घटना में सबसे अहम बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी कोई प्रशासनिक व मार्किट कमेटी का आलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को मंडी में कार्य हर रोज की भांति चल रहा था कि अचानक करीब सवा 12 बजे अचानक एक चाय के खोखे में आग भड़की और पलभर में आग व धुंए का बड़ा गुबार उठा। मंडी के आढ़ती व मजदूर एकदम घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े लेकिन कुछ ही पलों में आग ने खोखे व उसमें रखे सामान को तबाह कर दिया। यह आग आसपास पड़े हजारों गेंहू के कट्टों ने पकड़ ली और बारूद की तरह से गेंहू के कट्टे जलने लगे। आढ़तियों व मजदूरों ने आनन-फानन में अपने स्तर पर आग पर काबू पाने के प्रयास करते हुए दमकल व पुलिस को सूचना दी। अनाज मंडी में दमकल स्टेशन होने के बावजूद भी दमकल की गाड़ी कुछ विलंब के बाद पहुंची और आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन गाड़ी में पानी कम होने के कारण काम बीच में रुक गया। उसके बाद दूसरी दमकल वहां पर पहुंची और आग को काबू किया। आग में कुछ ही पलों में खोखे को जलाकर तहस-नहस कर दिया। एसआई कुलवंत सिंह ने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही वे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। आग पर काबू पा लिया गया है। अगर कोई शिकायत प्राप्त होती है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

सारा सामान जलकर हो गया राख
चाय के खोखे का संचालन करने वाले सोनू जांगड़ा निवासी सफीदों ने बताया कि वह खाना खाने घर गया हुआ था। उसे सूचना मिली कि उसकी चाय के खोखे में आग लग गई है, वह तुरंत वापस आया और देखा कि उसका खोखा पूरी तरह से जलकर नष्ट हो चुका था और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। वहीं आढ़त की फर्म लांबा ट्रेडिंग कंपनी के मालिक सुल्तान सिंह, हनवंत राय सतनारायण के मालिक रमेश चंद व नीलकंठ ट्रेडिंग कंपनी के मालिक संजीव कुमार ने बताया कि उनके क्रमश: 2200, 600 व 400 बैग गेंहू के जल गए है और उन्हे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। चारों पीड़ितों ने सरकार व प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। घटना में सबसे अहम बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी कोई प्रशासनिक व मार्किट कमेटी का आलाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। आग बुझने के बाद खरीद एजेंसी हैफेड व फूड एंड सप्लाई के कर्मचारी पीड़ित आढ़तियों के पास पहुंचे और जले हुए गेहूं के कट्टों की संख्या लिखकर चले गए।
शार्टसर्किट और ज्यादा गर्मी की वजह से हादसा हुआ : जगजीत
मार्केट कमेटी सचिव जगजीत सिंह कादियान ने कहा कि वे जल्द ही मंडी में पहुंचेंगे। शार्टसर्किट और ज्यादा गर्मी की वजह से यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि अज्ञात कारणों से लगी इस आग से मामूली नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि आग में केवल बोरियां ही जली हैं, गेहूं बच गया है, जिसे दूसरे बारदाना में भरवा दिया जाएगा। मंडी में बिजली के लटकते तारों के बारे में प्रश्न पूछे जाने पर वे उनके जवाब देने से बचते नजर आए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें