नरवाना। सिटी थाना के पास बने ओपन एयर थिएटर को नगर परिषद ने कई माह से कचरा डंपिंग साइट में बदल दिया है। सोमवार शाम कचरे के ढेरों में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि गहरे काले धुएं के गुबार आसमान में दूर-दूर तक दिखाई दिए।
देखते ही देखते यह धुआं पूरे शहर में फैल गया जिससे लोगों को सांस लेने में तकलीफ महसूस होने लगी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई। यह कोई पहली घटना नहीं है।
शहरवासी विनोद, रामकेश, रमेश और जगरूप ने कहा कि यहां अक्सर कचरे में आग लगती रहती है जो नगर परिषद की बड़ी लापरवाही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह स्थान कचरा डालने के लिए अधिकृत नहीं है इसके बावजूद यहां पूरे शहर का कचरा डाला जा रहा है।
कचरे का कोई सही प्रबंधन नहीं किया जा रहा जिससे बड़े-बड़े ढेर बन चुके हैं। नगर परिषद के सफाई कर्मचारी ही कचरे में आग लगाकर चले जाते है जिसके बाद यही ढेर आग पकड़कर जहरीला धुआं छोड़ते हैं जो आसपास के वातावरण को दूषित कर रहा है और लोगों के स्वास्थ्य पर सीधा असर डाल रहा है।
नगर परिषद ने जनवरी व फरवरी माह में डॉग शेल्टर बनवाए थे। सोमवार को लगी आग की चपेट में आकर इन शेल्टरों के आसपास लगाए गए कपड़े और सामग्री भी जलकर राख हो गई।
यह शहर का व्यस्त मार्ग है जहां से हर रोज हजारों लोग गुजरते हैं। पास में सब्जी मंडी, एसडी कॉलेज और स्कूल भी स्थित हैं। ऐसे में जहरीले धुएं का असर सीधे आम जनता, छात्रों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। लोगों में सांस, आंखों में जलन और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ता जा रहा है।
समस्या के समाधान की मांग
शहरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से इस समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है। उनका कहना है कि या तो इस स्थान पर कचरा डालना बंद किया जाए या फिर इसे वैज्ञानिक तरीके से प्रबंधित किया जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह समस्या आने वाले समय में और भी गंभीर रूप ले सकती है।
वर्जन
डंपिंग प्वाइंट के लिए दूसरी जगह की तलाश की जा रही है। नगर परिषद के पास फिलहाल कचरा डालने के लिए जगह नहीं है। जहां तक बात है आग लगाए जाने की तो इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसको लेकर अलग से एक कर्मचारी वहां तैनात किया जाएगा।
–रविंद्र कुहाड़, ईओ, नगर परिषद।